देश के कई राज्यों में मानसून की एंट्री, मध्यप्रदेश सहितअन्य राज्यों में भारी बारिश की आशंका

देश के कई राज्यों में मानसून की एंट्री, मध्यप्रदेश सहितअन्य राज्यों में भारी बारिश की आशंका

डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। देश के अधिकतर राज्यों में मानसून की एंट्री हो गई है। रविवार को महाराष्ट्र और दिल्ली में भी बारिश हुई। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली और मुंबई को अगले दो दिनों में ही मानसून पूरी तरह से कवर कर लेगा। मुंबई के कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कल से हो रही बारिश के चलते यहां पर जेजे फ्लाईओवर पर पानी भर गया। जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार देश के अधिकतर राज्यों में आने वाले चार दिनों में भारी बारिश हो सकती है। इनमें झारखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, कोंकण और गोवा, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा,गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल शामिल हैं।

देरी से पंहुचा मानसून

देश के कुछ राज्यों में मानसून एक सप्ताह की देरी से पंहुचा। शनिवार को मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा,लद्दाख में मानसून ने दस्तक दी। वहीं कई राज्यों में मानसून तय समय पर पहुंचा है। पूरे उत्तराखंड व हिमाचल में भी एक ही दिन में मानसून छा गया।

उत्तराखंड में हुई तेज बारिश

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज सुबह से बारिश जारी है। नैनीताल, पिथौरागढ़ समेत सात जिलों में कहीं-कहीं तेज बौछारों के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मध्यप्रदेश में भारी बारिश की आशंका

मध्यप्रदेश में इस साल मानसून ने मंडला के रास्ते प्रवेश किया है। बालाघाट, मंडला, सिंगरौली, शहडोल, सिवनी, छिंदवाडा, अनूपपुर और डिंडोरी में मानसूनी बारिश हुई। मौसम विभाग की मानों तो दक्षिण पश्चिम मानसून 48 घंटे के अंदर पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। बीते साल मानसून ने 16 जून को प्रदेश में दस्तक दिया था। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र तेजी से सक्रिय है। इस कारण प्रदेश में मानसून की गति भी तेज हो गई है। प्रदेश के कई हिस्सों में 26, 27 और 28 जून को प्रदेश के कई हिस्सों भारी बारिश होने की आशंका है।

Created On :   25 Jun 2023 9:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story