किसानों ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में नेशनल हाइवे को किया जाम, किसान नेता राकेश टिकैत ने सरकार से रखी ये मांग

किसानों ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में नेशनल हाइवे को किया जाम, किसान नेता राकेश टिकैत ने सरकार से रखी ये मांग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सूरजमुखी के बीज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की मांग को लेकर किसान कुरुक्षेत्र की सड़कों पर अपने ट्रैक्टरों के साथ उतर आए हैं। किसान सड़कों पर महापंचायत आयोजित करने के लिए भी इकट्ठा हुए हैं। किसानों की सरकार से मांग है कि उन्हें सूरजमुखी के बीजों पर उचित कीमत दिया जाना चाहिए। यहां पर भारी पुलिस बल तैनात है। फिलहाल पुलिस की तरफ से कोई ऐक्शन नहीं लिया गया है। किसान नेता राकेश टिकैत ने मीडिया से कहा कि MSP पर खरीद शुरू की जाए। हमने हाइवे जाम नहीं किया है, हम तो केवल यहां पर बैठे हैं।

जानें किसान क्यों कर रहे हैं प्रदर्शन?

दरअसल, यह पूरा मामला एमएसपी और सूरजमुखी के बीज से जुड़ा हुआ है। किसानों की मांग है कि जब सूरजमुखी की फसल की MSP बाजार में 6,400 रुपये है, तो हमारी फसलों को 4000-4500 में क्यों खरीदा जा रहा है। किसानों का कहना है कि हम लोग 4000-4500 रुपये में सूरजमुखी की फसल को बेचने के लिए मजबूर हो रहे हैं। इसलिए आज वे कुरुक्षेत्र की सड़कों पर उतर आए हैं। इससे पहले भी हरियाणा के किसान इन्हीं सब मुद्दों को लेकर राज्य के कुरुक्षेत्र के शाहबाद में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान किसान वहीं पर सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शन कर किसानों को खदेड़ना शुरू किया। जमकर लाठी डंडे चले। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने कुछ किसानों को हिरासत में भी लिया।

हाल ही में किसानों ने अपनी मांग के लिए गन्नौर के शाहपुर रोड और गोहाना में पानीपत रोहतक रोड को भेसवान गांव के पास सड़क जाम कर दिया था। ये सभी किसान अपने नेता और भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी की रिहाई की भी मांग कर रहे हैं। जिन्हें लाठीचार्ज के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रण करने में लगी हुई है। न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग को लेकर महापंचायत आयोजित करने के लिए यहां इकट्ठा हुए किसानों ने कुरुक्षेत्र में सड़क जाम कर दी है।

Created On :   12 Jun 2023 10:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story