किसानों का दिल्ली कूच: किसानों ने हरियाणा के कृषि मंत्री को सौंपा ज्ञापन, केंद्रीय मंत्री से बात करने की कही बात

किसानों ने हरियाणा के कृषि मंत्री को सौंपा ज्ञापन, केंद्रीय मंत्री से बात करने की कही बात
भारत-अमेरिका FTA के विरोध में पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पहुँचे हजारों किसान, पुलिस ने की बैरिकेडिंग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत-अमेरिका FTA के विरोध में किसानों ने आज दिल्ली कूच किया। किसान मार्च के एक दिन पहले पहुंची, किसानों की भीड़ और प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। तय मार्च से पहले बड़ी संख्या में पंजाब-हरियाणा के किसान शंभू बॉर्डर पहुँचे।

इसे लेकर किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने न्यूज एजेंसी से कहा, हरियाणा के कृषि मंत्री ने हमारी मांगों का ज्ञापन स्वीकार कर लिया। जब हमने उनसे केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान के साथ बैठक की व्यवस्था करने को कहा, तो उन्होंने कहा कि वे जरूरी इंतजाम करेंगे। उन्होंने हमें भरोसा दिलाया कि उनका कार्यालय 8 से 10 दिनों के भीतर बैठक की पुष्टि करते हुए हमें एक पत्र भेजेगा। बातचीत वहीं से आगे बढ़ेगी। बैठक का नतीजा बाद की बात है। दूसरी बात, हमने सभी किसान नेताओं और किसानों की रिहाई की मांग की। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री से सलाह-मशविरा करने के बाद वे गुरनाम सिंह चढूनी और बीएम सिंह को रिहा कर देंगे, ये दोनों मांगें मान ली गईं। उनके रिहा होने के बाद, हम इस मामले पर चर्चा करेंगे और इस आंदोलन के लिए आगे की कार्रवाई तय करेंगे कि क्या यहां धरना जारी रखा जाए या बातचीत के बाद ही आगे बढ़ा जाए।

हरियाणा के मंत्री श्याम सिंह राणा ने समाचार एजेंसी से कहा मुझे किसान यूनियन की तरफ से सौंपी गई मांगें मिल गई हैं और हम उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएंगे ताकि सभी मुद्दों का समाधान हो सके। गुरनाम सिंह चढूनी से जुड़े मामले पर मैं मुख्यमंत्री से बात करूंगा और आज शाम तक इसका समाधान सुनिश्चित करूंगा। हम एक हफ्ते या 10 दिनों के भीतर केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान या केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त किसी भी व्यक्ति के साथ बातचीत का इंतजाम करेंगे।

पंजाब के किसानों के विरोध-प्रदर्शन पर कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने मीडिया से कहा राहुल गांधी ने पहले ही कहा था कि यह डील किसानों को बर्बाद कर देगी। यह सरकार पूरी तरह से समझौता कर चुकी है अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप जो भी कहते हैं, ये बस उसी से सहमत हो जाते हैं। जरूर उनकी कोई कमजोरी होगी तभी वो इतना दबे रहे हैं।

Created On :   21 July 2026 5:11 PM IST

Tags

Next Story