गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत, 9 गंभीर रूप से घायल

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत, 9 गंभीर रूप से घायल
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गोरखपुर जिले के उत्तरी ग्रामीण क्षेत्र में लोग दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जा रहे थे।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गोरखपुर जिले के उत्तरी ग्रामीण क्षेत्र में लोग दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जा रहे थे। लेकिन सड़क से गुजरते समय प्रतिमा के पीछे लगा लोहे का फ्रेम हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। इस वजह से ट्रॉली में करंट दौड़ गया। इस घटना में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे और एक मौसेरे भाई बताए जा रहे हैं, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। इसके बाद आनन-फानन में सभी घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

नाराज लोगों ने किया हंगामा

इस घटना के बाद नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बाहर हंगामा किया और चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। बताया जा रहा है कि यह हंगामा परिजनों को आर्थिक सहायता देने और कार्रवाई की मांग को लेकर किया गया। इसके साथ ही प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने वाले विद्युत विभाग के जेई, लाइनमैन और ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस आरक्षकों को निलंबित कर दिया।

मृतकों में एक नाबालिग

मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना जिले के गुलरिहा थाना इलाके के जंगल अयोध्या प्रसाद गांव की है। ग्रामीण बुधवार (21 अक्टूबर) की शाम करीब 4:30 बजे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले थे। इस दौरान प्रतिमा के पीछे लगा लोहे का फ्रेम हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था। मरने वालों की पहचान लकी (17 वर्ष), विक्की (18 वर्ष) और चंदन (21 वर्ष) के तौर पर हुई है। इनमें से लकी और विक्की सगे भाई बताए जा रहे हैं, जबकि चंदन मौसेरा भाई है। मृतक और घायल सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर माता की प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। इस घटना की पुष्टि गोरखपुर के कलेक्टर दीपक मीणा ने भी की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

Created On :   21 Oct 2026 11:14 PM IST

Tags

Next Story