'पीपुल्स अगेंस्ट SIR' के बैनर तले देशव्यापी प्रदर्शन: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राकेश टिकैत, अभिजीत दीपके, प्रकाश राज समेत कई दिग्गज एक मंच पर आएंगे नजर, लोगों से की अपील

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। SIR और भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच 'पीपुल्स अगेंस्ट SIR' गठबंधन के बैनर तले एक बड़ा आंदोलन होने वाला है। इसको लेकर गठबंधन ने ऐलान किया कि 23 अक्टूबर को एक बड़ा देशव्यापी प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया है। उन्होंने इस आंदोलन में सभी वर्गों और समुदायों के लोगों से जुड़ने की अपील की है।
देशव्यापी प्रदर्शन पर संगठन ने क्या कहा?
संगठन की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है, "भारतीय लोकतंत्र इस वक्त गहरे संकट में है और चुनाव आयोग निष्पक्षता खो चुका है। इसे ध्यान में रखते हुए छात्र, किसान, मजदूर, दलित, आदिवासी, महिला और अल्पसंख्यक संगठनों ने एकजुट होकर लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़कों पर उतरने का फैसला किया है।"
कौन-कौन होंगे शामिल?
इस विरोध प्रदर्शन का हिस्सा जाने-माने अर्थशास्त्री डॉ. परकाला प्रभाकर, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, अभिनेता प्रकाश राज, वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण, किसान नेता राकेश टिकैत, AISA अध्यक्ष नेहा बोरा, लेखक तुषार गांधी, अंजलि भारद्वाज, गणेश देवी, आइशी घोष और विराज देवांग बनेंगे। संगठन ने अपने बयान में 'हर हाथ में तिरंगा और हर गली में जंतर-मंतर' का नारा दिया है। साथ ही देश के नागरिकों और युवाओं से अपने-अपने इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू करने की अपील की गई। इसके अलावा विपक्षी दलों से भी इसमें शामिल होने की अपील की गई है।
यह भी पढ़े -SIR पर घमासान के बीच EC में बड़ा फेरबदल, 20 राज्यों में बदले अधिकारी, ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल पर उठे सवाल
संगठन की क्या हैं मांगें?
संगठन ने बताया कि सीईसी ज्ञानेश कुमार को तुरंत पद से हटाया जाए। इसके साथ ही उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को तुरंत खारिज करने की मांग रखी गई और वोटर सूची से काटे गए सभी योग्य नामों को जोड़ने के लिए कहा गया है। इसके अलावा चुनाव आयुक्त अधिनियम 2023 के संशोधनों को रद्द किया जाए और एक निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत नए चुनाव आयोग का गठन हो। वहीं, चुनाव सुधार लागू किए जाने की भी मांग रखी गई है और बैलेट पेपर से मतदान की व्यवस्था वापस लाने को कहा गया है।
Created On :   22 Oct 2026 12:00 AM IST














