Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसा पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने दी प्रतिक्रिया, तकनीकी खराबी की आशंकाओं पर भी रखी अपनी बात

अहमदाबाद विमान हादसा पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने दी प्रतिक्रिया, तकनीकी खराबी की आशंकाओं पर भी रखी अपनी बात
  • तकनीकी खराबी की आशंकाओं पर भी रखी अपनी बात
  • अहमदाबाद विमान हादसा पर अश्विनी चौबे ने दी प्रतिक्रिया
  • विद्यार्थी परिषद के समय से ही मेरी विजय रूपाणी से मित्रता थी- चौबे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अश्विनी चौबे ने अहमदाबाद में गुरुवार को हुए दर्दनाक विमान हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में तकनीकी खराबी की संभावना से इनकार नहीं किया। शुक्रवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में चौबे ने कहा, "यह हादसा हृदय विदारक है। 24 घंटे बाद भी ऐसा लगता है जैसे यह घटना अभी हो रही हो। पूरा देश शोक में डूबा है। जिस तरह यह हादसा हुआ और इतने लोगों की जान गई, वह बेहद डरावना और भयावह है। इस घटना ने मन को व्यथित कर दिया।"

प्रधानमंत्री ने किया घटनास्थल का दौरा- चौबे

चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया। साथ ही, गृह मंत्री और नागरिक उड्डयन मंत्री भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मृत्यु हो गई, जिसने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया। चौबे ने कहा, "विद्यार्थी परिषद के समय से ही मेरी विजय रूपाणी से मित्रता थी। उनके परिवार से भी मेरा गहरा नाता रहा। उनकी बेटी की शादी में मैं शामिल हुआ था। वह अपनी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे। यह हादसा इतना दुखद है कि इसका वर्णन नहीं किया जा सकता। भगवान उनकी आत्मा और इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों की आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।"

तकनीकी खराबी की जांच जरूरी

चौबे ने कहा कि टेकऑफ के समय पायलट को किसी तकनीकी खराबी की जानकारी नहीं थी, इसलिए उन्होंने उड़ान भरी। पायलट अनुभवी थे और उनकी क्षमता पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि विमान में तकनीकी खराबी थी या नहीं, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। विशेषज्ञ इसकी वजह बताएंगे। फिलहाल इस बारे में ज्यादा कुछ कहना उचित नहीं है।

Created On :   13 Jun 2025 11:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story