Iltija Mufti News: इल्तीजा मुफ्ती का एक्स अकाउंट भारत में बैन, जानें क्या है इसकी वजह?

इल्तीजा मुफ्ती का एक्स अकाउंट भारत में बैन, जानें क्या है इसकी वजह?
पीडीपी की नेता इल्तीजा मुफ्ती का एक्स अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है। उनके एक्स अकाउंट पर जाने में यूजर्स को नोटिस दिखाई दे रहा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती के सोशल मीडिया अकाउंट पर भारत में रोक लगा दी गई है। अब देश के अंदर लोग उनके अकाउंट को नहीं देख पा रहे हैं। उनके ट्विटर अकाउंट को खोलने की कोशिश करने पर एक मैसेज दिखाई दे रहा है, जिसमें बताया गया है कि कानूनी मांग के चलते इस खाते तक पहुंच सीमित कर दी गई है।

वीडियो मामले के बाद बढ़ी कार्रवाई

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब कुछ दिन पहले कश्मीर की साइबर पुलिस ने एक वीडियो को लेकर मामला दर्ज किया था। ऐसा बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर दिवंगत हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी का एक वीडियो साझा किया गया था। पुलिस का कहना है कि इस तरह की सामग्री से अलगाववादी सोच को बढ़ावा मिल सकता है और इससे कानून व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा रहता है।

साइबर पुलिस ने दर्ज की थी रिपोर्ट

श्रीनगर साइबर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक कुछ ऑनलाइन पोस्ट और वीडियो सार्वजनिक माहौल बिगाड़ने वाले हो सकते हैं। इसी के बाद जांच और निगरानी बढ़ाई गई।

इल्तिजा मुफ्ती ने क्या कहा?

इल्तिजा मुफ्ती ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया भी दी है। उन्होंने कहा कि वीडियो साझा करने की जिम्मेदारी उनकी है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जिन लोगों ने केवल उस वीडियो को दोबारा साझा किया या उस पर प्रतिक्रिया दी, उन्हें परेशान न किया जाए।

सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज

अकाउंट पर रोक लगने के बाद यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। कई लोग इसे अभिव्यक्ति की आजादी से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि सुरक्षा एजेंसियां इसे कानून व्यवस्था से जुड़ा मामला बता रही हैं।

Created On :   11 May 2026 5:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story