राजस्थान को मिलेगी बड़ी सौगात: जालौर से दिल्ली तक सफर होगा आसान, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भुज-दिल्ली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय रेल, सूचना, प्रसारण और इलेक्ट्रोनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव शुक्रवार को राजस्थान के जोधपुर दौरे पर होंगे। यहां वह जोधपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह भी पढ़े -बिहार विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ, पहली बार सदन पहुंचे पवन सिंह-निशांत कुमार
जालौर में शुक्रवार को पहुंचेंगे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
मीडिया रिपोर्ट्क से मुताबिक, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार सुबह 10.55 बजे जोधपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वह दोपहर 12 बजे जोधपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद रेल मंत्री दोपहर एक बजे जोधपुर रेलवे स्टेशन से जालोर के लिए रवाना होंगे।
बता दें, राजस्थान के जालोर जिले के लिए शुक्रवार का दिन बहुत ऐतिहासिक माना जा रहा है। दरअसल, यहां पहली बार जालोर देश की राजधानी दिल्ली से कनेक्ट हो जाएगा। इसी के साथ रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रोनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी के केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद जालौर से भुज-दिल्ली उद्धाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर जालौर सांसद लुंबा राम चौधरी समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल होंगे।
यह भी पढ़े -दिल्ली दवा घोटाले पर आप का नया आरोप, एक्स-रे मशीनों की खरीद में 103 करोड़ के घोटाले का दावा
भुज से दिल्ली चलेगी नई ट्रेन
बता दें, नई रेल सेवा गुजरात के भुज जिले से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के बीच चलेगी। इस रूट में भीलडी, जालौर, पाली मारवाड़ और मारवाड़ जंक्शन होते हुए दिल्ली तक जाएगी। वहीं, ट्रेन का ठहराव अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलडी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़, भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।
इस नई रेल सेवा के शुरू होने से जालौर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को दिल्ली, जयपुर और गुजरात तक सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। सालों से इलाके के लोग राजधानी से सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है। रेलवे की इस पहल को क्षेत्र के विकास के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है। नई ट्रेन सेवा से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही पश्चिमी भारत और उत्तर भारत के बीच रेल संपर्क भी और मजबूत होगा।
Created On :   1 July 2026 8:54 PM IST












