लद्दाख में हुआ दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी यात्रियों से सवार मिनी बस, 2 लोगों की हुई मौत, 8 गंभीर रूप से घायल

- लद्दाख में हुआ दर्दनाक हादसा
- खाई में गिरी यात्रियों से सवार मिनी बस
- 2 लोगों की मौत, 8 गंभीर रूप से घायल
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लद्दाख के कारगी जिले में बड़ा हादसा हो गया। गुमरी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक खाई में मिनी बस गिरने से 2 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि, 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा अन्य 6 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। इस हादसे में वाहन चालक को कोई क्षति नहीं पहुंची।
कारगी जिले में खाई में गिरी मिनी बस
जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त बस में 17 यात्री थे, जो द्रास की ओर जा रही थी। इस दौरान रास्ते में अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीमें फौरन घटनास्थल के लिए पहुंच गई। इसके बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है।
इस हादसे के बारे में अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दौरान हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। बता दें, इससे पहले मंगलवार को जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में एक मिनी बस के खाई में गिरने की घटना सामने आई थी। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी। जबकि, 17 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दौरान घटनास्थल से चार शव बरामद किए गए थे। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
इससे पहले जम्मू कश्मीर में भी खाई में गिरी थी मिनी बस
डोडा जिले के चीफ मेडिकल ऑफिसर ने हादसे के बारे में बताया कि मौतों के आंकड़े में इजाफा हो सकता है। कई घायलों की हालात नाजुक है। हादसा मंगलवार को डोडा-बराथ रोड पर पोंडा इलाके में हुआ था। मिनी बस के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरने की खबर है। बस में 21 लोग सवार थे। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
Created On :   16 July 2025 3:24 PM IST