NEET Re-Exam 2026: परीक्षा से पहले बड़ी चूक, नागपुर के छात्र को अबूधाबी में मिला सेंटर, सवालों के घेरे में NTA

परीक्षा से पहले बड़ी चूक, नागपुर के छात्र को अबूधाबी में मिला सेंटर, सवालों के घेरे में NTA
NEET री-एग्जाम से पहले NTA की बड़ी लापरवाही सामने आई। नागपुर के छात्र को अबूधाबी सेंटर मिला जिसके बाद परिवार ने सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। NEET 2026 के री एग्जाम से पहले NTA की एक बड़ी गलती सामने आई है। रविवार 21 जून को होने वाली परीक्षा में देशभर के करीब 22 लाख छात्र शामिल होंगे। परीक्षा के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं। इसी दौरान नागपुर के एक छात्र को ऐसा परीक्षा केंद्र मिला जिसे देखकर परिवार भी हैरान रह गया। छात्र ने परीक्षा केंद्र के लिए अपने आसपास के शहरों को चुना था लेकिन एडमिट कार्ड में उसे विदेश का सेंटर दे दिया गया। इस मामले के सामने आने के बाद NTA की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। परिवार ने तुरंत शिकायत दर्ज कराई है और अब एजेंसी से सुधार की उम्मीद की जा रही है।

नागपुर के छात्र को मिला अबूधाबी सेंटर

जानकारी के मुताबिक, नागपुर के छात्र अब्दुल्ला को नए एडमिट कार्ड में UAE के अबूधाबी का परीक्षा केंद्र मिला है। जबकि उसने परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर, वर्धा और भंडारा जैसे शहर चुने थे। विदेश का सेंटर मिलने से परिवार परेशान हो गया।

पिता ने उठाए सवाल

अब्दुल्ला के पिता डॉ. मोहम्मद तालिब ने कहा कि बेटे ने पहले वाली परीक्षा नागपुर में दी थी। ऐसे में दोबारा परीक्षा के लिए विदेश का केंद्र कैसे दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो छात्र परीक्षा नहीं दे पाएगा।

NTA से की शिकायत

परिवार ने NTA हेल्पलाइन पर संपर्क किया और ई-मेल भी भेजा। अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि 20 जून की शाम तक परीक्षा केंद्र बदल दिया जाएगा। फिलहाल परिवार को इसी का इंतजार है। खास बात यह है कि छात्र के पास पासपोर्ट भी नहीं है।

Created On :   20 Jun 2026 11:46 AM IST

Tags

Next Story