हरदा ब्लास्ट हादसा: पुलिस की गिरफ्त में हरदा हादसे का मुख्य आरोपी, दूसरे राज्य भागने के फिराक में था

- पुलिस ने हरदा हादसे के मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
- दूसरे राज्य भागने की कोशिश में मुख्य आरोपी राजेश अग्रवाल
- पुलिस को हरदा हादसे में मिली बड़ी कामयाबी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के हरदा ब्लास्ट हादसे का मुख्य आरोपी राजेश राजेश अग्रवाल गिरफ्तार हो गया है। आरोपी दूसरे राज्य में भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक राजेश अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। राज्य के राजगढ़ के सारंगपुर से पुलिस ने हादसे के तीन मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इनमें राजेश अग्रवाल के अलावा सोमेश अग्रवाल और रफीक खान शामिल हैं। हरदा ब्लास्ट में जान गंवाने वालों की संख्या 12 हो गई है। वहीं, 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज जारी है।
मध्य प्रदेश पुलिस ने आईपीसी की धारा 304, 308, 34 एवं धारा 3 विस्फोटक अधिनियम के तहत तीनों आरोपियों को गिरफतार किया गया है। सारंगपुर एसडीओपी अरविंद सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश और दिल्ली को जोड़ने वाले नेशनल हाइवे पर पुलिस ने रात 9 बजे राजीव अग्रवाल, सोमेश अग्रवाल और रफीक को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आरोपी राजधानी दिल्ली भागने की कोशिश कर रहे थे।
मंगलवार को एमपी के हरदा जिले में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ। फैक्ट्री में एक या दो बार नहीं बल्कि एक के बाद एक कई धमाके हुए। जिसके चलते आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना के दौरान भीषण धमाके की वजह से आग की ऊंची-ऊंची लबटें दूर से भी साफ तौर पर देखी जा रही थी।
घटना पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख
हरदा में हुए इस भीषण हादसे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश के हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मृत्यु से व्यथित हूं। उन सभी के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। जो घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हों। स्थानीय प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।"
इसके साथ ही उन्होंने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा भी की है। उन्होंने कहा, "इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।" इससे पहले राज्य सरकार ने भी घटना से प्रभावित होने वाले लोगों और उनके परिवारजनों को मुआवजा देने का एलान किया था।
Created On :   6 Feb 2024 10:31 PM IST