मौसम अपडेट: यूपी, बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 70 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून अब खत्म होने को आया है लेकिन अब भी इसका असर कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की तरफ से 17 सितंबर को राज्यों के लिए बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में खराब मौसम देखने को मिल सकता है। कई जगहों पर तेज बारिश और आंधी भी चल सकती है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बताया जा रहा है। वहीं, भारी बारिश के चलते कुछ नदियों के बढ़ने की भी आशंका है। लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
यूपी, बिहार और दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
यूपी के मौसम के बारे में जानें तो, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, सोनभद्र, चंदौली, मऊ, वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में तेज बारिश और आंधी हो सकती है। कुछ जगह हवा 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है। वहीं, लखनऊ में तापमान 25 से 33 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। वहीं, बिहार के जहानाबाद, सारण, सिवान, बक्सर, गया, पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, भागलपुर और लखीसराय में बारिश की संभावना है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा, देश की राजधानी में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़े -भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का आज मध्य प्रदेश दौरा, पीएम मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन में जलाएंगे 'आशीर्वाद का दीया'
झारखंड, पहाड़ी राज्यों में बारिश
झारखंड के पाकुड़, रांची, खूंटी, देवघर, धनबाद, साहेबगंज, जमशेदपुर, बोकारो, सरायकेला, पलामू, लातेहार, रामगढ़ और लोहरदगा में बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जिसमें नैनीताल, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल और चंपावत शामिल हैं। हवा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के पूंछ, कुलगाम, जम्मू, पुलवामा, उधमपुर, कठुआ, गांदरबल और कुपवाड़ा में बारिश हो सकती है। हवा 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश के मौसम के बारे में जानें तो आज बालाघाट, डिंडोरी, मंडला, विदिशा, खंडवा, इंदौर, कटनी, नर्मदापुरम, छतरपुर और खरगोन में तेज बारिश की संभावना है। हवा 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं, भोपाल में तापमान 23 से 30 डिग्री रह सकता है।
पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी मौसम खराब रहने की संभावना
पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी मौसम खराब रह सकता है। बांकुड़ा, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व बर्धमान, उत्तर 24 परगना, नादिया, कोलकाता और हावड़ा में तेज बारिश और हवा की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा हो सकती है और कोलकाता में तापमान 27 से 34 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के आसपास बने मौसम सिस्टम का असर पूर्वी भारत में दिखाई दे सकता है। अगले तीन दिनों तक इस क्षेत्र में बारिश जारी रह सकती है। वहीं, 17 सितंबर को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
Created On :   17 Sept 2026 9:06 AM IST












