मौसम अपडेट: देशभर में भीषण धूप और गर्मी ने किया लोगों का हाल बेहाल, दिल्ली से लेकर यूपी-एमपी तक लू का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

देशभर में भीषण धूप और गर्मी ने किया लोगों का हाल बेहाल, दिल्ली से लेकर यूपी-एमपी तक लू का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम
उत्तर भारत में लगातार धूप और गर्मी देखने को मिल रही है। दिन पर दिन ये गर्मी बढ़ती जा रही है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी और एमपी तक पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में इन दिनों मौसम के दो अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। कई जगहों पर लोग गर्मी और लू से परेशान चल रहे हैं, तो कहीं पर लोग आंधी और बारिश की दिक्कत से घिरे हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 मई को भी कई राज्यों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। वहीं, कुछ इलाकों में तेज हवा और बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में हीटवेव का असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में लू चलने की भी संभावना है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में तेज गर्मी लोगों के परेशान कर सकती है।

दिल्ली में कैसा रहने वाला है मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। दिन पर दिन मौसम का रिकॉर्ड टूट रहा है। मौसम विभाग ने कई दिनों तक लू चलने का भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चलने के साथ घर से निकलना काफी मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि इस हफ्ते दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।

यूपी में तेज गर्मी से हाल-बेहाल

उत्तर प्रदेश में इस वक्त सबसे ज्यादा गर्म राज्यों की सूची में शामिल है। बांदा में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और मौसम विभाग ने करीब 23 जिलों में लू का रेड अलर्ट भी जारी किया है। वहीं, वाराणसी, जौनपुर, उन्नाव, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, रायबरेली समेत अन्य जिलों में कुछ दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने का अलर्ट जारी किया है। दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।

किन जगहों पर बारिश का अलर्ट?

एक तरफ जहां उत्तर भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दूसरी ओर बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम करवट ले रहा है। बिहार के पटना, गया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया है कि कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत और अंडमान-निकोबार के कई हिस्सों में भी तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय ज्यादा देर तक धूप में बाहर न रहने की सलाह दी है।

Created On :   21 May 2026 12:32 PM IST

Tags

Next Story