ट्रंप के दावे पर प्रतिक्रिया: 'भारतीयों की एनर्जी सिक्योरिटी सुनिश्चित करना प्राथमिकता..', भारत के रूस से तेल न खरीदने वाले ट्रंप के बयान पर MEA का जवाब

भारतीयों की एनर्जी सिक्योरिटी सुनिश्चित करना प्राथमिकता.., भारत के रूस से तेल न खरीदने वाले ट्रंप के बयान पर MEA का जवाब
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्रंप के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहाकि भारतीयों की एनर्जी सिक्योरिटी सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। दरअसल, ट्रंप ने कहा था कि भारत, रूस से तेल लेने के बजाय यूएस और वेनेजुएला से खरीदेने पर सहमत हो गया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार (5 फरवरी) को भारत से जुड़े कुछ मुद्दों पर चर्चा की है। इनमें एक मामला रूस से तेल खरीदी और दूसरा ईरान में पकड़े गए भारतीयों का है। रूस के बजाय अमेरिका से कच्चा तेल खरीदने पर भारत की सहमती वाले ट्रंप के दावे पर जायसवाल ने कहा कि भारतीयों की एनर्जी सिक्योरिटी सुनिश्चित करना हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। वेनेजुएला का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और वेनेजुएला पार्टनर हैं।

ट्रंप के दावे पर MEA का रिएक्शन

राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया था कि भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका और शायद वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदना शुरू करने पर सहमति जताई है। इस मामले पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार ने कई मौकों पर सार्वजनिक रूप से कहा है कि 1.4 अरब भारतीयों की एनर्जी सिक्योरिटी सुनिश्चित करना हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। ऑब्जेक्टिव मार्केट की स्थितियों और बदलते अंतरराष्ट्रीय माहौल के हिसाब से अपने एनर्जी सोर्स को डाइवर्सिफाई करना इसे सुनिश्चित करने की हमारी रणनीति का मुख्य हिस्सा है। भारत के सभी फैसले इसी बात को ध्यान में रखकर लिए गए हैं और लिए जाएंगे।

वेनेजुएला रहा है भारत का पार्टनर- जायसवाल

उन्होंने आगे कहा कि जहां तक ​​वेनेजुएला की बात है, यह एनर्जी के क्षेत्र में हमारा लंबे समय से पार्टनर रहा है, चाहे वह ट्रेड हो या इन्वेस्टमेंट। हम 2019-20 तक वेनेजुएला से एनर्जी और कच्चा तेल इंपोर्ट कर रहे थे, जिसके बाद हमें इसे रोकना पड़ा। फिर, हमने 2023-24 में वेनेजुएला से तेल खरीदना शुरू किया, लेकिन प्रतिबंध फिर से लगने के बाद हमें इसे रोकना पड़ा। एनर्जी सिक्योरिटी के प्रति अपने नजरिए के मुताबिक, भारत वेनेजुएला सहित किसी भी कच्चे तेल की सप्लाई के कमर्शियल फायदों को देखने के लिए तैयार है।

16 में से 8 लोग रिहा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमें ईरान में 16 नाविकों से मिलने की इजाजत मिल गई है। बंदर अब्बास में हमारे अधिकारियों ने उनसे मुलाकात की है। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, उन 16 में से आठ लोगों को रिहा कर दिया गया है और वे घर लौट रहे हैं। बाकी आठ नाविकों के बारे में हम ईरानी अधिकारियों के संपर्क में हैं। हम देखेंगे कि उनकी सबसे अच्छी तरह से कैसे मदद की जा सकती है।

मालूम हो कि, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने 8 दिसंबर, 2025 को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के पास अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र से एक जहाज को पकड़ा था। ईरानी अधिकारियों का आरोप है कि जहाज पर करीब 6 हजार मीट्रिक टन अवैध डीजल की तस्करी की कोशिश हो रही थी। जानकारी के मुताबिक, जहाज में मौजूद भारतीय नागरिकों को ईरान ने पकड़ लिया था।

Created On :   5 Feb 2026 4:26 PM IST

Tags

Next Story