आतंक पर प्रहार: मोदी सरकार का आतंकवाद पर बड़ा एक्शन, जमात-ए-इस्लामी के बाद दो और संगठनों पर लगाया प्रतिबंध, गैरकानूनी गतिविधियों में थे लिप्त

मोदी सरकार का आतंकवाद पर बड़ा एक्शन, जमात-ए-इस्लामी के बाद दो और संगठनों पर लगाया प्रतिबंध, गैरकानूनी गतिविधियों में थे लिप्त
  • केंद्र सरकार का आतंकवाद पर बड़ा एक्शन
  • जम्मू कश्मीर में लगाया दो संगठनों पर बैन
  • मंगलवार को बढ़ाया था जमात-ए-इस्लामी पर लगा प्रतिबंध

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क पर नकेल कसते हुए जमात-ए-इस्लामी के बाद दो और संगठनों पर प्रतिबंध लगाया है। ये दो संगठन हैं - मुस्लिम कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर (सुमजी गुट) और मुस्लिम कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर (भट गुट)। गृह मंत्रालय ने दोनों संगठनों पर यूएपीए के तहत पांच साल का बैन लगाया है। इसकी जानकारी खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर दी है। उन्होंने लिखा, 'आतंकवादी नेटवर्कों पर प्रहार करते हुए सरकार ने मुस्लिम कॉन्फ्रेंस जम्मू और कश्मीर (सुमजी गुट) और मुस्लिम कॉन्फ्रेंस जम्मू और कश्मीर (भट गुट) को गैरकानूनी संगठन घोषित किया है।'

गैर कानूनी गतिविधियों में थे लिप्त

शाह ने बताया कि ये दोनों संगठन देश की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ गतिविधियों में लिप्त थे। उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार देश से आतंकवाद का समूल नाश करने के लिए प्रतिबद्ध है। जो कोई गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होगा उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। बात करें अब्दुल गनी भट की अध्यक्षता वाले जेके मुस्लिम कॉन्फ्रेंस जम्मू और कश्मीर (भट गुट) की तो गृह मंत्रालय के मुताबिक यह संगठन लंबे समय से गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इसकी गतिविधियां देश की अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा को हान‍ि पहुंचाने वाली हैं।

वहीं दूसरा संगठन गुलाम नबी सुमजी की अध्यक्षता वाला मुस्लिम कॉन्फ्रेंस जम्मू और कश्मीर (सुमजी गुट) है। यह भी भारत विरोधी और पाकिस्तान के समर्थन वाली गतिविधियों में शामिल रहा है। सरकार ने इस संगठन को जम्मू और कश्‍मीर में आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन और आतंकवादियों को रसद सहायता मुहैया कराने में संलिप्त पाया है। इसके अलावा यह संगठन जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों पर पथराव करने जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने और कश्मीर के लोगों को वहां होने वाले चुनावों में ह‍िस्‍सा लेने से रोकने का काम करता था। बता दें कि मंगलवार को मोदी सरकार ने जमात-ए-इस्लामी संगठन पर लगा प्रतिबंध पांच साल के लिए बढ़ा दिया था।

Created On :   28 Feb 2024 6:13 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story