मानसून का कहर: हिमाचल प्रदेश के सोलन में बादल फटने से 7 लोगों की मौत, रेस्क्यू कर 6 की बचाई गई जान

मानसून का कहर: हिमाचल प्रदेश के सोलन में बादल फटने से 7 लोगों की मौत, रेस्क्यू कर 6 की बचाई गई जान
  • हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर
  • बादल फटने से 7 लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून का कहर उत्तर भारत के राज्य हिमाचल प्रदेश में देखने को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के जादोन गांव में बादल फटने से सात लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा 6 लोगों को गंभीर चोटे भी आई है। जिनका इलाज पास के अस्पताल में चल रहा है। इस भयानक हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है, "हमने अधिकारियों को इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और समर्थन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।"

सोलन के डीसी मनमोहन शर्मा ने बताया कि बादल फटने से 7 लोगों की मौत हुई है जबकि 6 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। बादल फटने की यह घटना बीती देर रात को हुई। बादल फटने की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। जिनमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि गांव में मलबा कैसे पटा पड़ा है। चारों ओर तबाही के मंजर देखने को मिल रहे हैं। इस आपदा में दो घर और एक गौशाला भी बह गए हैं।

स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे- हिमाचल प्रदेश सरकार

हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश की वजह से स्कूल कॉलेज पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। पहाड़ी राज्य में कई जगह लैंडस्लाइड की खबरें आ रही हैं और बीच सड़क पर लोगों की फंसे होने की जानकारी है। प्रदेश में लगातार भूस्खलन की घटना को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से स्कूल कॉलेज को बंद कर दिया गया है। प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग ने एक लेटर जारी करते हुए कहा "राज्य में लगातार बारिश के कारण सभी स्कूल और कॉलेज 14 अगस्त को बंद रहेंगे।"

लैंडस्लाइड से जाम हुए रास्ते

भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कुल्ली मनाली जाने वाले रास्ते बंद कर दिए गए हैं। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे से पंडोह के बीच कई जगहों पर भी रास्ते बंद हैं। प्रशासन ने टूरिस्ट और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है कि बिना काम के यात्रा पर न निकले। साथ ही नदी-नालों और लैंडस्लाइड संभावित इलाकों में जाने की सख्त मनाही है। भूस्खलन के कारण शिमला और चंडीगढ़ को जोड़ने वाली शिमला-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन की वजह से चक्की मोड़ पर सड़क के दोनों किनारे बड़ी संख्या में भारी वाहन फंसे हुए हैं। जिससे लोगों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा मंडी जिले के कई जगहों पर घरों और कृषि भूमि को भारी बारिश की वजह से नुकसान पहुंचा है।

उफान पर ब्यास नदी

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में स्थित ब्यास और उसके सहायक नदियां भी उफान पर हैं। जिले में 48 घंटे से बारिश हो रही है। जिसकी वजह से हालात बिगड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिला प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि बिना काम के वो घर से न निलके। साथ ही ब्यास नदी के किनारे जाने से बचे।

Created On :   14 Aug 2023 3:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story