MP News: ग्वालियर में नवरात्रि के दौरान बड़ा हादसा, शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं पर चढ़ा धान से भरा अनियंत्रित ट्रक, 15 की मौत

ग्वालियर में नवरात्रि के दौरान बड़ा हादसा, शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं पर चढ़ा धान से भरा अनियंत्रित ट्रक, 15 की मौत
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत और 42 लोग घायल हुए।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर मार्ग पर नवरात्रि के पावन अवसर पर एक अत्यंत दर्दनाक हादसा सामने आया है। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को धान से लदे एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, इस भयावह दुर्घटना में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 42 घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है और प्रशासनिक अमला राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है।

यह भी पढ़े -शैक्षणिक सत्र 2026-27 से अलाइड एंड हेल्थ केयर कोर्स, केंद्र की गाइड लाइन के अनुसार कार्यवाही के निर्देश

बैरिकेड तोड़कर ढलान से नीचे उतरा ट्रक, मंदिर के गेट से टकराया

हादसे की जानकारी देते हुए एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि छिनोर की दिशा से मंदिर की ओर आने वाली सड़क पर काफी तीखी ढलान है। सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया था। देर रात करीब 1:30 बजे जब पुलिसकर्मियों ने धान से भरे ट्रक को रोकने का प्रयास किया, तो ड्राइवर ने रुकने के बजाय बैरिकेड तोड़ दिए। अनियंत्रित होकर ढलान से तेजी से नीचे उतरता हुआ ट्रक सीधे मंदिर की बाहरी दीवार और मुख्य गेट से जा टकराया। इस दौरान सड़क पर पैदल चल रहे श्रद्धालुओं का दल ट्रक की चपेट में आ गया और कई लोग उसके नीचे दब गए।

दर्जनों लोग अस्पताल में भर्ती, कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल

प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटना स्थल से कुल 42 लोगों को तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र और जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने 15 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 5 से 6 श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर आए हैं, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं जिनका प्राथमिक उपचार जारी है। हादसे की चपेट में आए दोनों घायल पुलिसकर्मियों को भी इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि घटना की खबर मिलते ही प्रशासनिक गाड़ियां और एंबुलेंस तुरंत मौके पर भेजी गईं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती घायलों के समुचित इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम मुस्तैद है और अंदरूनी चोटों का सटीक आकलन करने के लिए सीटी स्कैन और एक्स-रे जैसी जांचें लगातार की जा रही हैं।

सीएम ने जताया दुख

एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुःख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

सहायता राशि का ऐलान

सीएम ने कहा कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का निःशुल्क उपचार किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। मंत्रीद्वय अदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला जी को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं।

सीएम ने आगे कहा कि बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति !

कैसे हुआ हादसा?

कलेक्टर के मुताबिक ट्रक चीनौर की तरफ से आ रहा था। उस रोड पर भारी वाहनों की एंट्री बैन है और पुलिस बैरिकेडिंग लगी थी। ट्रक ने बैरिकेड तोड़कर ढलान से नीचे उतरते हुए सड़क किनारे लगी दुकानों और श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से मंदिर की दीवार ढह गई और 40-50 लोग मलबे में दब गए।

ब्रेक फेल की आशंका

शुरुआती जांच में ट्रक का ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। ट्रक ओवरलोड भी बताया जा रहा है। प्रशासन ने RTO की टीम को तकनीकी जांच के लिए भेजा है। घायलों को जयरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां CT स्कैन और X-Ray कर इलाज जारी है।

Created On :   18 Oct 2026 9:10 AM IST

Tags

Next Story