Amit Shah Punjab Visit: 'नशे के तस्करों को चुन-चुनकर भेजेंगे जेल', पंजाब दौरे से पहले AAP सरकार पर बरसे अमित शाह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले वहां नशे की समस्या और ड्रग्स का मुद्दा गरमाया हुआ है। इस बीच जानकारी मिली है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पंजाब के दौरे पर जाने वाले हैं। उनका यह दौरा 20 अक्टूबर (मंगलवार) को होने वाला है। बता दें कि नशे का मामला ऐसे समय में गरमाया है, जब प्रदेश के मानसा में नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या हो गई है।
यह भी पढ़े -पंजाब के संगरूर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफतार कार ने निगल ली 8 मजदूरों की 'जिंदगियां', कई गंभीर रूप से घायल
इन परिवारों के सदस्यों से करेंगे मुलाकात
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि वह अपने इस दौरे के दौरान मानसा, संगरूर और गुरदासपुर जाएंगे, जहां वे उन लोगों के परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे, जिनकी नशे के खिलाफ आवाज उठाने के बाद मौत हो गई थी।
उन्होंने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर तंज कसते हुए कहा, "आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने पंजाब को नशे के दलदल में धकेलने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। इसका नतीजा यह है कि अनगिनत परिवारों को अपने बच्चों को खोना पड़ा है।"
यह भी पढ़े -पंजाब में नशे पर शाह-पायलट का मान सरकार पर निशाना, चीमा का पलटवार- पहले गुजरात का हिसाब दें
'व्हाइट पाउडर' की तस्करी
केंद्रीय गृह मंत्री ने पोस्ट में बताया, "मैं मंगलवार (20 अक्टूबर) को मानसा, संगरूर और गुरदासपुर में उन परिवारों से मुलाकात करूंगा, जिनके सदस्यों को 'AAP' सरकार के संरक्षण में व्हाइट पाउडर यानी नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले लोगों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण हाल ही में अपनी जान गंवानी पड़ी है। इन परिवारों ने जो खोया है, उसका दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।"
उनका कहना है, "नशे के इस काले कारोबार के खिलाफ उठ रही आवाजों को दबाने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी और पंजाब की जनता इसका करारा जवाब देगी।" उन्होंने आगे बताया, "भारत सरकार नशे के तस्करों को चुन-चुनकर सलाखों के पीछे भेजेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि पंजाब समेत पूरा देश नशे के इस काले कारोबार से पूरी तरह मुक्त हो।"
Created On :   18 Oct 2026 9:51 PM IST













