Parvinder Singh Jhota Murder: पंजाब बंद से थमा कामकाज! झोटा हत्याकांड के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

पंजाब बंद से थमा कामकाज! झोटा हत्याकांड के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में आज पंजाब बंद है। वहीं, मानसा में प्रदर्शन जारी है। माहौल को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में आज (15 अक्टूबर) पंजाब बंद है। इस बंद का असर सबसे ज्यादा मानसा में दिखाई दे रहा है। कई जगहों पर लोग इकट्ठा हो रहे हैं और हत्या के खिलाफ अपना गुस्सा जता रहे हैं। हालात को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। बता दें कि, अमृतसर और मानसा में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मानसा-सिरसा रोड पर भी लोग जुटने लगे हैं। यहां पुलिस के साथ स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के कमांडो भी मौजूद हैं। पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

भारी पुलिस बल तैनात

परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में मानसा में प्रदर्शन जारी है। मानसा-सिरसा रोड पर लोगों की भीड़ जुट रही है। किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए पुलिस ने यहां सुरक्षा बढ़ा दी है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के कमांडो भी तैनात किए गए हैं। DCP जसकरण सिंह तेजा ने बताया कि बंद को देखते हुए पुलिस ने पूरी तैयारी की है। अभी तक शांति बनी हुई है। उन्होंने साफ कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।

दुकानदारों को राहत, जबरदस्ती दुकानें बंद नहीं करा सकेगा कोई

पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी दुकानदार को जबरदस्ती दुकान बंद करने के लिए नहीं कहा जा सकता। जो लोग अपनी मर्जी से दुकान बंद रखना चाहते हैं वे ऐसा कर सकते हैं। पुलिस का कहना है कि बंद के दौरान शांति बनाए रखना सबसे जरूरी है। वहीं, परविंदर सिंह झोटा का शव अभी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। उनके परिवार ने अब तक पोस्टमार्टम कराने की सहमति नहीं दी है।

कांग्रेस से BJP तक का समर्थन, हत्या के बाद आरोपी के घर में भी आगजनी

बता दें कि, पंजाब बंद को कांग्रेस, बीजेपी, शिरोमणि अकाली दल, अकाली दल वारिस पंजाब दे और किसान संगठनों का समर्थन मिला है। इससे बंद का असर कई जगहों पर दिखने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले परविंदर सिंह झोटा फेसबुक लाइव कर रहे थे तभी उन्हें गोली मार दी गई थी। मेडिकल दुकान के मालिक अश्वनी कुमार पर हत्या का आरोप है। वहीं, घटना के बाद गुस्साए लोगों ने उसकी दुकान में तोड़फोड़ की और घर में आग लगा दी। इसके बाद प्रशासन ने अश्वनी कुमार के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की। राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Created On :   15 Oct 2026 10:26 AM IST

Tags

Next Story