बिहार में बनी 16 हजार किमी लंबी मानव श्रृंखला, विश्व रिकॉर्ड का दावा

16 thousand km long human chain built in Bihar, claims world record (lead-2)
बिहार में बनी 16 हजार किमी लंबी मानव श्रृंखला, विश्व रिकॉर्ड का दावा
बिहार में बनी 16 हजार किमी लंबी मानव श्रृंखला, विश्व रिकॉर्ड का दावा
हाईलाइट
  • बिहार में बनी 16 हजार किमी लंबी मानव श्रृंखला
  • विश्व रिकॉर्ड का दावा (लीड-2)

पटना, 19 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में जल-जीवन-हरियाली अभियान के साथ नशामुक्ति, बाल विवाह रोकथाम एवं दहेज प्रथा उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान के तहत रविवार को राज्यभर में पांच करोड़ से ज्यादा लोगों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर 16 हजार किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई।

मानव श्रृंखला की शुरुआत ऐतिहासिक गांधी मैदान में हुई, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, जलपुरुष राजेंद्र सिंह सहित कई मंत्री और अधिकारी उपस्थित रहे।

बिहार के मुख्य सचिव दीपक कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि 18,034 किलोमीटर लंबी मानव श्रंखला बनाई गई, जिसमें 57,76,788 लोगों ने एक-दूसरे के हाथ पकड़े खड़ा हुए। उन्होंने कहा कि एक बार फिर बिहार ने इतिहास बनाया और विश्व की सबसे बड़ी श्रंखला बनाकर कीर्तिमान स्थापित किया है।

कुमार ने बताया कि मानव श्रृंखला निर्माण में पहले स्थान पर पटना जिला रहा, जहां 27,87,000 लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि समस्तीपुर में 27,80,000 लोग, मुजफ्फरपुर में 24,57,000 लोग, सारण जिले में 24,33,000 लोग तथा रोहतास जिले में 23,24,000 लोगों ने हिस्सा लिया।

गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुब्बारों का गुच्छों को आसमान में उड़ाकर इस श्रृंखला की शुरुआत की। गांधी मैदान से चार श्रेणियांे में निकली यह मानव श्रृंखला, राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग, जिला, प्रखंड, पंचायत, गांवों की विभिन्न सड़कों और पगडंडियों से होकर गुजरी।

इस मानव श्रृंखला में लोगों ने पर्यावरण संतुलन को लेकर अपने-अपने भावों का प्रकटीकरण प्रस्तुत किया। इस मौके पर सभी जिला मुख्यालयों में भी अधिकारियों ने श्रृंखला में भाग लिया।

मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि जल व हरियाली है, तभी जीवन सुरक्षित है। उन्होंने कहा, जल-जीवन-हरियाली अभियान के लिए उन्होंने पूरे राज्य की यात्रा की और इस दौरान पाया कि लोगों में पर्यावरण को लेकर जागरूकता आई है। यह प्रसन्नता की बात है। आज बिहार ने इस मानव श्रृंखला से देश ही नहीं, दुनिया को संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, हम पर्यावरण के लिए निरंतर अभियान चलाते रहेंगे। अगर हम पर्यावरण को नहीं समझेंगे तो हमारा बड़ा नुकसान होगा। उन्होंने मानव श्रृंखला को सफल बनाने के लिए बिहार की जनता को धन्यवाद दिया और आभार जताया।

उन्होंने इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे जलपुरुष राजेंद्र सिंह को भी खास तौर पर धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मानव श्रृंखला में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा सम्मिलित हुए जो काफी खुशी की बात है।

पूर्वाह्न् 11.30 बजे से शुरू इस मानव श्रृंखला का समापन दोपहर 12 बजे हुआ। इस दौरान कई स्थानों पर यातायात को रोक दिया गया गया था।

इस मानव श्रृंखला की तस्वीर और वीडियोग्राफी के लिए 100 से अधिक ड्रोन और चार हेलीकॉप्टर व 3 वायुयान लगाए गए थे।

इससे पहले, 21 जनवरी, 2017 को बिहारवासियों ने 11,292 किलोमीटर लंबी मानव श्रंखला बनाई थी, जिसमें लगभग 3 करोड़ 50 लाख से अधिक लोगों ने हाथ से हाथ जोड़कर नशामुक्ति के पक्ष में आवाज बुलंद की थी। इसके बाद 21 जनवरी, 2018 को बिहारवासियों ने बाल-विवाह एवं दहेज उन्मूलन के लिए राज्यव्यापी 14,000 किलोमीटर लंबी मानव श्रंखला बनाई थी।

 

Created On :   19 Jan 2020 4:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story