28 बार बताया बैंक खाते का OTP कोड, 7 लाख निकलने के बाद पता चला लुट गए

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोगों से फोन पर उनके डेबिट कार्ड का नंबर और वन टाइम पासवर्ड (OTP) लेकर ठगी के तो कई मामले रोजाना सामने आते हैं। लेकिन नई मुंबई की एक 40 वर्षीय महिला ने एक सप्ताह में ही 28 बार अपना OTP ठग से साझा कर करीब सात लाख रुपए से ज्यादा गंवा दिए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। ठगी का शिकार हुईं तस्नीम मोडक नई मुंबई के नेरुल इलाके की रहने वालीं हैं।
17 मई को उनके मोबाइल पर एक शख्स ने फोन किया और खुद को बैंक का कर्मचारी बताते हुए दावा किया कि तकनीकी समस्या के चलते उनका डेबिट कार्ड ब्लॉक किया जा रहा है। उसने मोडक से कहा कि अगर वे कुछ जानकारी साझा करें तो डेबिट कार्ड फिर से शुरू किया जा सकता है। इसके बाद फोन करने वाले शख्स ने मोडक से उनका 16 अंकों का डेबिट कार्ड नंबर, तीन अंकों का सीवीवी नंबर मांगा। मोडक ने उसे दोनों नंबर दे दिए।
उसके बाद उसने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर मोडक के मोबाइल पर आया चार अंकों का OTP भी मांग लिया। मोडक के खाते से पैसे निकल गए और उन्हें इसका एहसास भी नहीं हुआ। यही नहीं आरोपी ने यही बहाना बनाकर एक सप्ताह में 28 बार मोडक से OTP नंबर हासिल किया और उनके खाते से 6 लाख 98 हजार 973 रुपए निकाल लिए।
मोडक ने पुलिस को बताया कि उन्हें ऑनलाइन बैंकिंग की कोई जानकारी नहीं है इसलिए पैसे निकाले जाने का पता नहीं चला। नेरुल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक मोडक के खाते से मुंबई, नोयडा, गुरुग्राम, कोलकाता और बेंगलुरू में लेन देन किए गए हैं।
Created On :   4 Jun 2018 6:26 PM IST