ADR रिपोर्ट का खुलासा : इन राजनीतिक पार्टियों को अज्ञात सोर्स से मिला 710 करोड़ का दान

ADR report : Political parties get 710 million from unknown sources
ADR रिपोर्ट का खुलासा : इन राजनीतिक पार्टियों को अज्ञात सोर्स से मिला 710 करोड़ का दान
ADR रिपोर्ट का खुलासा : इन राजनीतिक पार्टियों को अज्ञात सोर्स से मिला 710 करोड़ का दान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। वित्तवर्ष 2016-17 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दूसरी 6 राष्ट्रीय पार्टियों के मुकाबले 9 गुना अधिक दान मिला है। इसके अलावा लगातार 12वें साल मायावती की BSP का दावा है कि उसे किसी स्त्रोत से 20 हजार रुपए से ज्यादा का चंदा नहीं मिला। वित्तवर्ष 2016-17 में सात राष्ट्रीय पार्टियों ने 1559.17 करोड़ रुपए जुटाए। इनमें से 710.80 करोड़ रुपए यानी करीब 46 फीसदी अज्ञात स्त्रोतों से प्राप्त हुए हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।

वित्तवर्ष 2016-17 में राष्ट्रीय पार्टियों को दानदाताओं से 589.38 करोड़ रुपए मिले। यह कुल आय का 37.80 फीसदी है। दरअसल राजनीतिक दलों को उन लोगों के रिकॉर्ड रखने पड़ते हैं जो 20 हजार रुपए से ज्यादा चंदा देते हैं। इसे आय का ज्ञात स्त्रोत कहा जा सकता है। इसके अलावा पार्टियों ने परिसंपत्तियों की बिक्री, सदस्यता शुल्क, बैंक ब्याज, प्रकाशनों की बिक्री, पार्टी लेवी जैसे माध्यमों से 258.99 करोड़ रुपए हासिल किए। जो कुल आय का 16.61 फीसदी है। इसके अतिरिक्त राजनीतिक दलों ने 710 .80 करोड़ रुपए यानी 45.59 फीसदी रकम अज्ञात स्त्रोतों से मिलने की जानकारी दी है।

सबसे ज्यादा बढ़ी BJP की आय
साल 2015-16 की 102.02 करोड़ की तुलना में राष्ट्रीय दलों को प्राप्त दान में वर्ष 2016-17 में 478 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी BJP की आय में हुई है। साल 2015-16 के 76.85 करोड़ रुपए की तुलना में 2016-17 में BJP की आय 593 फीसदी बढ़कर 532.27 करोड़ रुपए हो गई। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस को मिले दान में 231 फीसदी, सीपीएम को मिले दान में 190 फीसदी और कांग्रेस को मिले दान में 105 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। 2016-17 में 2123 दानदाताओं ने राष्ट्रीय पार्टियों को 589.38 करोड़ रुपए दान दिए। इसमें से सबसे ज्यादा 1194 दानदाताओं ने BJP को 532.27 करोड़ रुपए, 599 ने कांग्रेस को 41.90 करोड़ रुपए दान दिए। 

इसके अलावा राकांपा को 22 दानदाताओं से 6.34 करोड़ रुपए, सीपीएम को 200 दानदाताओं ने 5.25 करोड़ रुपए, तृणमूल कांग्रेस को 12 दानदाताओं ने 2.15 करोड़ और सीपीआई को 96 दानदाताओं ने 1.44 करोड़ रुपए का चंदा दिया।

नकद दान देने वालों में भारी कमी
राजनीतिक दलों को नकद चंदा देने वालों को आयकर में छूट न देने के चुनाव आयोग के ऐलान के चलते नकद दान में भारी कमी आई है। वित्तवर्ष 2015-16 में राजनीतिक दलों को 1.45 करोड़ रुपए नकद दान मिला था लेकिन  2016-17 में यह राशि घटकर 52.27 लाख रुपए रह गई। यानी कुल मिले दान का सिर्फ 0.09 फीसदी ही नकद मिला। सबसे ज्यादा नकद दान सीपीआई को मिला जो कुल 22 लाख 61 हजार रुपए था। इसके अलावा सीपीएम को 14.84 लाख और कांग्रेस को 14.82 लाख रुपए नकद मिले।

सत्या इलेक्टोरल ट्रस्ट से सबसे ज्यादा दान
राजनीतिक दलों को सबसे ज्यादा दान सत्या इलेक्टोरल ट्रस्ट ने दिया। ट्रस्ट ने BJP को 251.22 करोड़ और कांग्रेस को 13.90 करोड़ रुपए दान दिया। इसके अलावा BJP को बलराम जनहित शालिका ने 30 करोड़ रुपए दान दिए। कांग्रेस को राज वेस्ट पावर ने 5 करोड़ रुपए दान दिया। राकांपा को बीजी शिर्के कंस्ट्रक्शन टेक्नालॉजी प्रायवेट लिमिटेड से दो करोड़ और एएन एंटरप्राइजेज इंफ्रा सर्विसेस प्रायवेट लिमिटेड से 1.10 करोड़ रुपए दान मिला है। 

Created On :   30 May 2018 8:26 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story