संघ की प्रतिनिधि सभा में पहुंचे महाराष्ट्र सीएम और अमित शाह, संगठनात्मक स्थिति पर हुई चर्चा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में शनिवार को मुख्यमंत्री देेवेंद्र फडणवीस पहुंचे। भाजपाध्यक्ष अमित शाह दिन भर सभा में ही रहे। प्रतिनिधि सभा में केवल आमंत्रित प्रतिनिधियों को ही प्रवेश दिया जा रहा था। मुख्यमंत्री अचानक पहुंचे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने भाजपाध्यक्ष से राज्य की राजनीतिक व संगठनात्मक स्थिति पर चर्चा की। शुक्रवार काे प्रतिनिधि सभा आरंभ हुई। 35 संगठनों के 1400 के करीब प्रतिनिधि शामिल हुए। शनिवार को राजनीतिक विषय पर भी चर्चा का प्रस्ताव था। माना जा रहा है कि राज्य की स्थिति पर उठे प्रश्नों के उत्तर देने के लिए भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री को विशेष तौर पर बुलाया गया।
मौन तोड़ सकते हैं तोगड़िया
राज्य में अक्टूबर 2019 में विधानसभा चुनाव होगा। किसान, कर्जमाफी, सामाजिक असंतोष के अलावा अन्य मामलों को लेकर सरकार घेरे में है। माना जा रहा है कि इन स्थितियों पर आए सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। सभा में अमित शाह के अलावा भाजपा की ओर से संगठन मंत्री रामलाल व महासचिव राम माधव शामिल हैं। मुख्यमंत्री करीब सवा घंटे सभा परिसर में रहे। उन्होंने सरसंघचालक से भी चर्चा की। इस बीच सरसंघचालक, सरकार्यवाह व भाजपाध्यक्ष के बीच विशेष चर्चा बैठक हुई। रविवार को विश्व हिंदू परिषद के कार्याध्यक्ष प्रवीण तोगडिया मौन तोड़ सकते हैं।
सरकार्यवाह पद पर भैयाजी जोशी
इससे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह पद पर भैयाजी जोशी चौथी बार निर्विरोध चुने गए। बदलाव की कड़ी में दत्तात्रेय होसबले को जोशी का स्थान मिलने का अनुमान केवल कयास साबित हुआ। संघ के मुख्य धारा के नेताओं के सामने किसी की नहीं चली। जोशी की बहाली का साफ संकेत यह भी है कि संघ, भाजपा पर प्रभाव कम करने का रिस्क नहीं लेना चाहता है। इसलिए मोदी-शाह की पसंद बताए जाने वाले होसबले को संतोष करना पड़ा।
Created On :   11 March 2018 4:52 PM IST