लखनऊ: चिनहट में डकैतों का धावा, तीन को मारी गोली, दो का अपहरण

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लखनऊ में चिनहट के उत्तर धोना गांव में आधी रात को डकैतों ने धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान हथियारबंद बदमाशों ने घर के तीन लोगों को गोली मार दी। इतना ही नहीं बदमाश दो नाबालिग लड़कियों को अगवा कर ले गए। हालांकि पुलिस का दावा है कि दोनो लड़कियां घर लौट आई है। बदमाश घर का पूरा सामान लूट कर ले गए। बदमाशों की गोली से घायल हुए लोगों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रात करीब 12.30 बजे घुसे डकैत
ये घटना देर रात करीब 12.30 बजे की बताई जा रही है। डकैत कठौता में गार्ड की नौकरी करने वाले उमेश चौहान के घर में घुसे थे। इस दौरान डकैतों ने उमेश के पिता दीनानाथ चौहान, मां अमरावती और पत्नी सोनी पर फायर कर दिया। घायल अवस्था में तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। डकैतों ने उमेश की दो बहनों का भी अपहरण कर लिया जिसके बाद वह घर का सारा सामान लूटकर फरार हो गए।
समय पर नहीं पहुंची पुलिस
पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने कई बार पुलिस को फोन किया लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जब उमेश खुद चिहनहट थाने पहुंचे तब जाकर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक डकैत वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने डकैतों की तलाश कर रही है। इस मामले को लेकर आस-पास के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं इस मामले को लेकर इलाके के बदमाशों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द से ज्लद गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अब तक 921 एनकांउटर
यूपी पुलिस क्राइम के ग्राफ को कंट्रोल में लाने के लिए अभियान चला रही है। लेकिन इसके बाद भी बदमाशों के हौसले बुलंद है। पिछले साल नई सरकार के सत्ता में आने के बाद 921 एनकाउंटर किए। 20 मार्च से 31 दिसंबर तक कुल 921 एनकाउंटर में 29 अपराधियों की मौत हुई है, जबकि 2214 अपराधी गिरफ्तार हुए हैं। इन एनकाउंटर में 196 कथित अपराधी घायल हुए हैं, जबकि 210 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और 3 पुलिसकर्मी मारे गए हैं। जिन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है उनमे से 1688 पर पुलिस ने इनाम रखा था।
Created On :   19 Jan 2018 10:53 AM IST