रामगढ़ बीफ हत्या मामले में भाजपा नेता समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, रामगढ़। शहर में एक मांस व्यापारी को बीफ विक्रेता समझकर भीड़ ने पीट-पीटकर मार दिया था, इसी मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया है। इन सात आरोपियों में एक स्थानीय भाजपा नेता भी शामिल है। व्यापारी की हत्या गत 29 जून को हुई थी। मामले में एक व्यक्ति ने अदालत में आत्मसमर्पण किया है।
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने आज बताया कि यहां के स्थानीय भाजपा नेता नित्यानंद महतो को कल गिरफ्तार किया गया जबकि एक अन्य आरोपी को उसके एक दिन पहले पकड़ा गया था। मुख्य आरोपियों में से एक छोटू राणा ने रामगढ़ अदालत में कल आत्मसमर्पण कर दिया था जबकि पांच और लोगों को आज गिरफ्तार किया गया।
हजारीबाग जिले के मनुआ गांव के निवासी 40 वर्षीय एक मांस व्यापारी की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। लोगों को संदेह था कि वह अपने वाहन में बीफ ले जा रहा है। उसके वाहन को भी आग लगा दी गई। उपायुक्त राजेरी बी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में एसपी ने कहा कि सात में से पांच गिरफ्तारियां वीडियो और फोटो के आधार पर की गई।
Created On :   2 July 2017 11:04 PM IST