संवाद के जरिए किसानों को मनाएगी बीजेपी, यह है प्लान

BJP Kisan Morcha training camp for enhancing contact to farmers
संवाद के जरिए किसानों को मनाएगी बीजेपी, यह है प्लान
संवाद के जरिए किसानों को मनाएगी बीजेपी, यह है प्लान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सरकार के प्रति किसानों की नाराजगी भांप भाजपा ने अब उन्हें मनाने की कवायद तेज कर दी है। इसके तहत एक तरफ जहां सरकार की ओर से घोषणाएं हो रही हैं तो भाजपा किसान मोर्चा ने किसानों से सीधा संवाद कर उन्हें साधने की रणनीति बनाई है। इसके लिए गुरूग्राम में 18 मई से 20 मई तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर में किसान मोर्चा के 220 लोग शिरकत करेंगे।

भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने बताया कि मोर्चा के शिविर में प्रशिक्षित 220 लोग 5-5 किसानों को प्रशिक्षित करेंगे जो गांवों में जाकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे। ये किसानों की समस्या सुनकर उसका समाधान तो बताएंगे ही, साथ ही केन्द्र सरकार की किसानोन्मुख योजनाओं की जानकारी भी उन्हें देंगे। बता दें कि वीरेन्द्र सिंह मस्त अपने संसदीय क्षेत्र में पहले से संवाद कार्यक्रम चला रहे हैं।

जीएम बीज के खिलाफ है भाजपा किसान मोर्चा 

वीरेन्द्र सिंह ने माना कि जेनेटिक मोडिफायड (जीएम) बीज किसानों के हित में नहीं है। उन्होने कहा कि वे शुरू से इसके खिलाफ रहे हैं। देखा जा रहा है कि कुछ समय पहले तक जो जीएम बीज का विरोध कर रहे थे, वे अब इसका समर्थन करने लगे हैं। उन्होने साफ कहा कि किसान हित को देखते हुए भाजपा किसान मोर्चा जीएम बीज के विरोध में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस किसानों की बात तो करती है परंतु अपने लंबे समय के शासनकाल में किसानों के लिए ठोस काम नहीं किया। जबकि मोदी सरकार ने न केवल किसानोन्मुख नीतियां बनाई बल्कि बजट का सर्वाधिक हिस्सा किसानों के लिए आवंटित किया है।

Created On :   10 May 2018 4:59 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story