'आपको राज्यपाल नहीं बनाया तो आप राष्ट्रवाद के खिलाफ हो गए'

bjp leader kailash sarang wrote a letter to yashwant sinha
'आपको राज्यपाल नहीं बनाया तो आप राष्ट्रवाद के खिलाफ हो गए'
'आपको राज्यपाल नहीं बनाया तो आप राष्ट्रवाद के खिलाफ हो गए'

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा द्वारा सार्वजनिक रुप से मोदी सरकार की आलोचना करने पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश सारंग ने उन्हें पत्र लिखकर जबाव दिया है। शुक्रवार को लिखे गए इस पत्र में कैलाश सारंग ने कहा कि यशवंत सिन्हा को पार्टी ने राज्यपाल नहीं बनाया तो वे राष्ट्रवाद के खिलाफ हो गए हैं। गौरतलब है कि कुछ समय पहले से यशवंत सिन्हा बीजेपी के खिलाफ बगावती सुर अपनाए हुए हैं। वे जीएसटी, नोटबंदी जैसे मुद्दों पर लगातार सरकार के खिलाफ बयान दें रहें हैं। ऐसे में बीजेपी के नेता कैलाश सारंग ने पत्र लिख कर उनके द्वारा लगाए गए आरोपों का जबाव दिया है।

पत्र में कैलाश सारंग ने कहा, "आपसे मेरा परिचय तब से है जब आप भाजपा में नहीं थे (यशवंत सिन्हा पहले समाजवादी पार्टी में चन्द्रशेखर के साथ थे। आडवाणी जी ने अपको बीजेपी में सदस्यता दिलाई। मैं मीडिया में आपके ऐसे तेवर देखकर आश्चर्यचकित हूं।" उन्होंने कहा, "आपने मानो संगठन पर, सरकार पर, बीजेपी पर ही नहीं मानों भारत की राष्ट्रीयता पर ही हमला ही बोल दिया। आपके मन में किसी पद को पाने की महत्वाकांक्षा दिखाई दे रही है। शायद कहीं का राज्यपाल बनने की। राज्यपालों की सूची को अंतिम रुप मिलते ही आपने हमला बोल दिया।" 

सारंग ने लिखा, "जिस तरह आपने अलगाववादियों से बात करने का सुझाव दिया, कश्मीर पर पाकिस्तान से भी बात करने की वकालत की वह आश्चर्यजनक है। यही तो पाकिस्तान का पक्ष है। आपकी यह बात न केवल पार्टी और सरकार की नीति के खिलाफ है, बल्कि राष्ट्रवाद पर भी आघात है।" सारंग ने आगे लिखा, "यदि किसी कारण पार्टी ने आपको पद नहीं दिया तो आपके पुत्र (जयंत सिन्हा केंद्रीय राज्य मंत्री) को तो महत्व दिया। एक पिता का कर्तव्य है कि वह अपने पुत्र के मार्ग में बाधा न बने।" पत्र के अंत में सारंग ने लिखा है, "कुछ अन्यथा लगे तो क्षमा करें। आपको वे आज भी अपना ही मानते हैं।"

Created On :   6 Oct 2017 4:50 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story