इस फॉर्मूले को आजमाकर महिलाओं की नब्ज पकड़ना चाहती है BJP !

BJP works in Preparation for election under leadership of Kanchan
इस फॉर्मूले को आजमाकर महिलाओं की नब्ज पकड़ना चाहती है BJP !
इस फॉर्मूले को आजमाकर महिलाओं की नब्ज पकड़ना चाहती है BJP !

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकसभा चुनाव की तैयारी का एेलान कर चुकी शहर भाजपा ने महिलाओं से जुड़ने का अभियान शुरू किया है। विविध कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को संगठन से जोड़ने के साथ ही संगठन की विचारधारा से अवगत कराने का काम किया जा रहा है। साथ ही सरकार के कामकाज की जानकारी दी जा रही है। इस पूरे अभियान का नेतृत्व भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी की पत्नी कंचन गडकरी कर रही हैं। एक तरह से चुनावी रणनीति के तहत महिलाओं की नब्ज पकड़ने का प्रयास चल रहा है। खास बात यह है कि इस अभियान में प्रमुख पदाधिकारियों की पत्नियों के अलावा विधायकों की पत्नियों को भी शामिल किया गया है।

विधायक पत्नियां भी हुई सक्रिय
राजनीति में सक्रिय नहीं रहने वाली विधायक पत्नियां भी विविध कार्यक्रमों में एकाएक सक्रिय हो गईं हैं। कंचन गडकरी चुनावी राजनीति से भले ही दूर रही हैं, लेकिन सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा के विविध अभियानों में योगदान देती रहीं हैं। वे संस्कार भारती संस्था के माध्यम से विविध रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करती रही हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव के पहले भी उनकी सक्रियता देखी गई थी। फिलहाल कुछ दिनों से उनके जनसहभागिता के कार्यक्रमों की संख्या बढ़ गई है। मकर संक्रांति के दौरान वाण व हल्दी कुम-कुम कार्यक्रमों के माध्यम से कंचन गडकरी ने शहर के सभी विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाताओं से संपर्क किया।

संगठनात्मक मामले में 72 प्रभाग बने
मनपा क्षेत्र में 39 प्रभाग हैं, लेकिन भाजपा ने संगठनात्मक मामले में 72 प्रभाग बनाए हैं। इनमें से 48 प्रभागों में महिलाओं से संपर्क का अभियान पूरा हो गया है। इस अभियान में विधायकों की पत्नियों का भी प्रमुखता से सहयोग रहा। करीब 10 दिन तक यह अभियान चला। उसके बाद बेटी बचाओ अभियान के तहत विद्यालयों में निबंध स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। शहर स्तर पर आयोजित इस स्पर्धा के माध्यम से भी बेटियों के माता-पिता व अभिभावकों तक पहुंचने का काम संगठन की ओर से किया गया है। 9 मार्च को शिक्षक सहकारी बैंक सभागृह में निबंध स्पर्धा का पुरस्कार कंचन गडकरी के हाथों वितरित किया जाएगा।



कंचन गडकरी के मार्गदर्शन मेें सम्मान कार्यक्रम
इससे पहले 8 मार्च को महिला दिवस पर शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला के अलावा समाज क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान कार्यक्रम कंचन गडकरी के मार्गदर्शन मेें किया जा रहा है। कौशल विकास, बचत समूह, दुर्गावाहिनी, महिला मोर्चा, बेटी बचाओ अभियान के अलावा अन्य संगठनों या कार्यों से जुड़ी महिलाओं तक पहुंचने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। सभी कार्यक्रमों की समीक्षा की जा रही है। पूरे अभियान की रिपोर्टिंग स्वयं कंचन गडकरी ले रही हैं।

Created On :   4 March 2018 4:48 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story