हिमाचल के चंबा में रावी नदी पर बना 12 साल पुराना पुल गिरा, 6 लोग घायल

डिजिटल डेस्क, शिमला। दीपावली के दिन यानी गुरूवार को हिमाचल के चंबा जिले में रावी नदी पर बना पुल अचानक टूट गया। मिली जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में एक महिला समेत 6 लोग घायल हो गए हैं और तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पहुंची और घायलों को ईलाज के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज ले गई।
गौरतलब है कि हिमाचल के चंबा जिले से करीब 6 किलोमीटर दूर परेल नामक जगह पर यह हादसा हुआ है। टूटा हुआ पुल वर्ष 2005 में बनाया गया था, जो गुरुवार सुबह 7:30 बजे के करीब अचानक जोरदार आवाज के साथ गिर गया। जिस समय यह दुर्घटना हुई उस समय वहा कई वाहन और पैदल यात्री पुल से गुजर रहे थे। इस दुर्घटना में 6 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती करवाया गया है। वहीं इस हादसे की चपेट में एक ट्रक, एक कार तथा एक मोटरसाइकिल भी आ गई। पुल के क्षतिग्रस्त होने से वहां मौजूद दो कुत्ते भी दब गए जिनमें से एक की मौत हो गई है।
एलफिंस्टन ब्रिज पर बढ़ी भीड़ बनी थी हादसे का कारण
29 सितंबर को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के एलफिंस्टन रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज पर भगदड़ मचने के कारण 23 लोगों की मौत हो गई थी। फैली एक अफवाह के कारण लोगों के बीच मची अफरा तफरी ने इतने लोगों की जान ले ली थी।
चर्नी रोड स्टेशन ब्रिज भी गिरा
मुंबई के एलफिंस्टन हादसे के बाद ही चर्नी रोड स्टेशन पर बना फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा टूट के गिर गया। जिसकी चपेट में आकर दो लोग घायल हो गए। घायलों को पास के जीटी हॉस्पिटल ले जाया गया। खैर राहत की बात ये रही कि घायलों में से किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।
Created On :   20 Oct 2017 9:05 AM IST