रोहिंग्या शरणार्थियों की घुसपैठ के चलते BSF ने सीमा पर बढ़ाई चौकसी

BSF increases vigil at spots ‘vulnerable’ to Rohingya influx
रोहिंग्या शरणार्थियों की घुसपैठ के चलते BSF ने सीमा पर बढ़ाई चौकसी
रोहिंग्या शरणार्थियों की घुसपैठ के चलते BSF ने सीमा पर बढ़ाई चौकसी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। म्यांमार में जारी हिंसा के बीच रोहिंग्या मुसलमानों के पलायन से उनके भारत में प्रवेश की आशंका भी बढ़ गई है। इसके मद्देनजर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। बीएसएफ ने 50 सीमाई जगहों को चिह्नित किया है, जहां से रोहिंग्या मुस्लिम भारत में आसानी से घुसपैठ कर सकते हैं। बीएसएफ ने इन जगहों पर चौकसी बढ़ा दी है। इसके साथ ही असम में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। 

भारत-बांग्लादेश सीमा पर बढ़ी चौकसी
बीएसएफ ने पश्चिम बंगाल से सटी भारत-बांग्लादेश सीमा पर रोहिंग्या मुस्लिमों के अवैध प्रवेश को रोकने के लिए चौकसी बढ़ा दी है। बीएसएफ महानिरीक्षक (दक्षिण बंगाल) पीएसआर अंजनेयुलु ने बताया कि पहले हमने 22 संवदेनशील स्थानों की पहचान की थी, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 50 हो गई है। ये स्थान बेहद संवेदनशील हैं। यहां से भारत में आसानी से घुसपैठ की जा सकती है। इसकी रोकथाम के लिए हमने विशेष पहल शुरू की है। भारत-बांग्लादेश के बीच 4096 किमी साझा सीमा है। इसमें से 2216.7 किमी अकेले पश्चिम बंगाल राज्य में है।  

इस लिए संवेदनशील हैं ये स्थान
घुसपैठ के लिहाज से सबसे संवेदनशील स्थान पश्चिम बंगाल में उत्तरी 24 परगना, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों तक फैले हुए हैं। ये सभी स्थान बीएसएफ के दक्षिणी बंगाल फ्रंटियर के तहत आते हैं। पेत्रापोल, जयंतीपुर, हरिदासपुर, पोपालपारा और तेतुलबेराई को भी संवेदनशील स्थानों में रखा गया है। ये स्थान इस लिए बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं क्योंकि यहां से बांग्लादेशी और रोहिंग्या, दोनों ही सीमा पार कर भारत में आ सकते हैं। भारत के लिए इस संभावित घुसपैठ पर रोक लगाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। सबसे बड़ी चिंता घुसपैठियों के रूप में आतंकियों के प्रवेश की है। 

हाई अलर्ट पर असम
रोहिंग्या शरणार्थियों की घुसपैठ के मद्देनजर असम को हाई अलर्ट पर रखा गया है। माना जा रहा है कि असम के रास्ते आसानी से घुसपैठ की जा सकती है। इस आशंका को देखते हुए यहां स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के विशेष उपाय किए जा रहे हैं। असम के करीमनगर में छह और त्रिपुरा में तीन रोहिंग्याओं की गिरफ्तारी के बाद राज्य में इनकी घुसपैठ की संभावनाओं को देखते हुए हाई एलर्ट जारी किया है। 

पकड़े जा चुके हैं 175 घुसपैठिए
दक्षिणी बंगाल फ्रंटियर के बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में 175 रोहिंग्या शरणार्थियों को पकड़ा गया है। इनमें से सात लोगों को इसी साल पकड़ा गया है। रोहिंग्याओं की पहचान करने और उनके रहने के ठिकानों का पता लगाने के लिए बीएसएफ स्थानीय सूत्रों को बढ़ा रही है। इसके साथ ही विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिल कर भी काम कर रही है। 
 

Created On :   5 Oct 2017 4:17 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story