कोविड-19: यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव, मेदांता अस्पताल में भर्ती

Covid-19: Former UP CM Mulayam Singh Yadav and his wife Corona Positive
कोविड-19: यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव, मेदांता अस्पताल में भर्ती
कोविड-19: यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव, मेदांता अस्पताल में भर्ती
हाईलाइट
  • उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को हुआ कोरोना
  • डॉक्टरों की निगरानी में हैं समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम
  • मुलायम सिंह यादव में कोरोना के एक भी लक्षण नहीं हैं: समाजवादी पार्टी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और उनकी पत्नी साधना गुप्ता की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। दोनों को दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां दोनों डॉक्टरों की निगरानी में हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी गई है। पार्टी की ओर से ट्वीट किया गया कि मुलायम सिंह यादव की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के उपरांत चिकित्सकों की देख रेख जारी है। फिलहाल उनमें कोरोना के एक भी लक्षण नहीं हैं। 

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर बताया कि अपने पिता के स्वास्थ्य की स्थिति जानने के लिए वे निरंतर चिकित्सकों के संपर्क में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मुलायम सिंह की हालत अभी स्थिर है। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उन्हें स्वास्थ्य लाभ के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने कहा कि वह वरिष्ठ डॉक्टरों के लगातार संपर्क में हैं। मुलायम सिंह के अलावा उनकी पत्नी साधना की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पहले अगस्त में भी तबीयत बिगड़ने पर मुलायम सिंह यादव को मेदांता में भर्ती कराया गया था। 80 साल के मुलायम को मूत्रनली में संक्रमण के बाद अस्पताल ले जाया गया था। हालत में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

 यूपी के तीन बार सीएम रहे हैं मुलायम
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने साल 1960 से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। पेशे से शिक्षक रहे मुलायम सिंह ने साल 1967 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इमरजेंसी के दौरान भी मुलायम सिंह यादव खूब सक्रिय रहे और जेल जाने वाले विपक्षी नेताओं में उनका नाम भी रहा। वह साल 1977 में पहली बार उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री बने।

इसके बाद उन्होंने यूपी में जनता दल और लोकदल के प्रमुख का भी कार्यभार संभाला और साल 1989 में पहली बार देश के सबसे बड़े सूबे के मुख्यमंत्री बने। साल 1992 में उन्होंने समाजवादी पार्टी की स्थापना की और साल 1993 से 95 तक दूसरी बार मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला। मुलायम सिंह यादव ने केंद्र सरकार में भी अपनी भूमिका निभाई और देश के रक्षामंत्री भी रहे। साल 2003-07 तक वह तीसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।

पीएल पुनिया भी कोरोना पॉजिटिव
वहीं, यूपी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया को भी कोरोना हो गया है। उन्हें गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीएल पुनिया राज्यसभा के सांसद हैं। हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ अनुज अग्रवाल ने बताया कि हाल ही में पीएल पुनिया छत्तीसगढ़ के दौरे पर थे और वहां उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण के शुरुआती लक्षण आने पर टेस्ट किया गया जो पॉजिटिव आया। दिल्ली आकर उन्होंने राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भी अपना कोविड-19 टेस्ट कराया, जो पॉजिटिव आया।

Created On :   14 Oct 2020 5:28 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story