SpiceJet विमान की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, बाल-बाल बचे 59 यात्री

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हैदराबाद से जबलपुर जा रहे SpiceJet विमान (9111) की नागपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इमरजेंसी (आपात) लैंडिंग की गई। विमान में 59 यात्री व 4 क्रू मेंबर थे। विमान में अचानक धुआं निकलने से यात्री दहशत में आ गए और चीख-पुकार तक शुरू हो गई थी। नागपुर एयरपोर्ट पर SpiceJet के उतरते ही सुरक्षा एजेंसी व दमकल कर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूखे केमिकल की बौछार कर धुएं पर काबू पाया गया।
अचानक निकला धुआं, विमान में मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, हैदराबाद से जबलपुर जा रहा SpiceJet विमान जब नागपुर से होकर गुजर रहा था, तभी अचानक विमान से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते दुर्गंध से यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। आग लगने का डर सताने लगा। विमान के चालक दल ने नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया। एटीसी से अनुमति मिलते ही चालक दल ने इमरजेंसी लैंडिंग की।
सुरक्षा एजेंसियां हुई सतर्क
इधर घटना की सूचना मिलते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं थीं। CISF के जवान भी हरकत में आ गए। सुरक्षा जवान व दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू आपरेशन चलाते हुए यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला। SpiceJet की दोपहर 2.22 बजे नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मास्क नहीं मिला
विमान में जब धुआं बढ़ने लगा तो यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। विशेषकर बच्चों को बहुत परेशानी हुई आैर यात्री मास्क मांगने लगे। बच्चे रोने लगे आैर परिजनों को पकड़कर चिल्लाने लगे। पूरे विमान में दहशत का माहौल था। आपात स्थिति से निपटने के लिए विमान में मास्क रहना चाहिए। धुआं निकलने का कारण तो पता नहीं चला, लेकिन शाटसर्किट होने की चर्चा है।
रात को भरी उड़ान
बाल-बाल बचे यात्री दिन भर एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में रहे। रात को स्पाइट जेट कंपनी की तरफ से दूसरा विमान नागपुर एयरपोर्ट पहुंचा। इस विमान (1096) ने रात 8.10 बजे जबलपुर के लिए उड़ान भरी। इस विमान से सभी यात्रियों को जबलपुर भेजा गया।
जांच के लिए पहुंचे इंजीनियर
रात को तकनीकी खराबी की जांच के लिए एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस के 2 इंजीनियर व एक अन्य इंजीनियर नागपुर एयरपोर्ट पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त विमान को रन-वे पर एक कोने में रखा गया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि धुआं निकलने का कारण क्या है।
यात्रियों को याद आया दहशत का पल
स्पाइसजेट में सवार यात्रियों ने दहशत के उस पल को जिस तरह से बयान किया है, उसे सुनकर रोंगटे खड़े हो सकते हैं। मधुसूदन ने बताया कि पहले थोड़ा धुआं निकला। धुआं बढ़ते ही गया तो सभी घबराने लगे। कुछ समझ में नहीं आया। संदीप कुमार की मानें तो धुएं से सांस लेना मुश्किल हो रहा था। कुछ यात्रियों को चक्कर आने लगा। सब कुछ इतना तेजी से हो रहा था कि समझ में कुछ भी नहीं आ रहा था।
ऑक्सीजन का मास्क नहीं मिला
रवींद्रन ने बताया कि सांस लेने में तकलीफ होने से ऑक्सीजन के मास्क की जरूरत थी पर किसी को नहीं मिला। बच्चे रोने और चिल्लाने लगे थे। रोहन की माने तो मास्क नहीं मिलने पर लोग कपड़ों में सिर छिपाने लगे। बच्चों को ज्यादा परेशानी हुई। विमान में दहशत व डर का माहौल था आैर खुद को बच्चों को संभाल पाना मुश्किल होता जा रहा था। सुरक्षित लैंडिंग पर सभी यात्रियों ने राहत की सांस लेते हुए भगवान का शुक्रिया किया। इस हादसे ने विमान कंपनी की लापरवाही भी उजागर कर दी।
डिप्टी कमांडेंट CISF आलोक जोशी के मुताबिक नागपुर एयरपोर्ट पर SpiceJet की आपात लैंडिंग हुई। यात्रियों को विमान से निकालने के बाद वेटिंग हॉल में रखा गया। यात्रियों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई गईं। विमान में धुआं उठने के कारण आपात लैंडिंग की गई। प्रथम दृष्टया धुआं निकलने का कारण पता नहीं चला। रात को यात्रियों को दूसरे विमान से जबलपुर रवाना किया गया।
Created On :   24 Nov 2017 11:45 PM IST