गृह मंत्रालय का फर्जी संयुक्त सचिव बनकर घूमता था शख्स, लूटे 1 करोड़

डिजिटल डेस्क, फरीदाबाद। आपने अक्षय कुमार की फिल्म स्पेशल 26 जरूर देखी होगी। इसमें वे बड़े ही अच्छे तरीके से फर्जी सरकारी अधिकारी बन कर लोगों को लूटते हैं। कुछ इसी तरह की घटनाएं की संख्या देश की अलग-अलग जगहों में तेजी से बढ़ रही है। देश की राजधानी नई दिल्ली में भी कुछ इसी तरह की घटनाएं जोर पकड़ रही हैं। नया मामला फरिदाबाद के सैनिक कॉलोनी का है। यहां पर एक व्यक्ति से गृह मंत्रालय का संयुक्त सचिव बनकर एक करोड़ रुपए की ठगी की गई है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर नीमका जेल भेज दिया है।
विदेशों से फंड दिलाने का दिया था झांसा
फरीदाबाद के सेक्टर-48 स्थित सैनिक कॉलोनी निवासी राकेश जैन इस ठगी के शिकार हुए हैं। उन्होंने बताया कि जून-जुलाई 2016 में उनके संपर्क में सुवेंदु शेखर आचार्य नाम का शख्स आया था, जिसने खुद को भारत सरकार के गृह मंत्रालय का संयुक्त सचिव बताया था। इस फर्जी संयुक्त सचिव ने राकेश को चैरिटेबल हॉस्पिटल खोलने के लिए विदेशों से चंदा और 735 करोड़ का फंड दिलाने की बात कही थी। जिसके एवज में शेखर आचार्य ने 1 करोड़ रुपए लेने की बात कही। राकेश ने ये डील मान ली, जिसके बाद शेखर आचार्य ने फर्जी कागजों और फाइलों को चिट्ठा राकेश को थमा दिया, और पैसा जल्द मिलने की बात कही। इसके बाद राकेश और उसके एक परिचित ने आचार्य के अनुसार बताए अलग अलग बैंक खातों में एक करोड़ रुपए जमा करवा लिए और इसके बाद वह फरार हो गया।
लालबत्ती से आता था ठग
सुवेंदु शेखर आचार्य नाम का यह ठग अपने आप को भारत सरकार के गृह मंत्रालय के एफसीआरए ब्रांच का संयुक्त सचिव बताता था, साथ ही वह लाल बत्ती वाली गाड़ी में आता था और फर्जी पहचान पत्र भी दिखाता था। वह विदेशों से पैसा चाहने वाले लोगों, संगठनों, एनजीओ व ट्रस्ट के पदाधिकारियों को अपना शिकार बनाता था, उन्हें खुद फोन करके पैसा दिलाने की बात करता था। इसके बाद वह अपने शिकारियों से अकाउंट में पैसा जमा करवाने के बाद अपना फोन बंद कर लेता था और अपने परिवार के साथ रफूचक्कर हो जाता था।
असली नाम हैं मातरू प्रसाद सेठी
पुलिस के अनुसार यह शख्स ओडिशा का रहने वाला है जिसका असली नाम मातरू प्रसाद सेठी है। उसके खिलाफ उत्तरप्रदेश के मथुरा और ओडिशा के बाडबिल थाने में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद इन थानों में भी आचार्य की गिरफ्तारी की जानकारी दे दी गई है। बता दें कि गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल कार, चेकबुक व संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
Created On :   9 Oct 2017 6:42 PM IST