किसान संसद में विदेशी कृषि उत्पाद के विरोध का प्रस्ताव पारित

डिजिटल डेस्क, भोपाल। विचार मध्यप्रदेश द्वारा बुधवार को गांधी भवन में एक दिवसीय किसान संसद आयोजित की गई। इस संसद में सैकड़ों किसान और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की।
विचार मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित किसान संसद में हैदराबाद में 16 देशों की चल रही रीजनल कॉर्पोरेशन फार इकोनोमिक पार्टनरशिप की बैठक में भारतीय बाजार को विदेशी कृषि उत्पाद के लिये खोले जाने का सर्वसम्मति से विरोध प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। संसद मे यह भी तय किया कि अगर सरकार ने इस बैठक की मांगों को माना तो उसके खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर सड़कों पर आन्दोलन किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि हैदराबाद की बैठक में 0% ड़्यूटी पर विदेशी कृषि उत्पाद के लिए भारतीय बाजार खोल दिया जायेगा। किसान संसद की अध्यक्षता प्रसिद्ध कृषि विशेषज्ञ और चिंतक देवेंद्र शर्मा ने की। श्री शर्मा ने कहा कि आज देश के किसान और किसानी को बचाने की चुनौती का मजबूती से सामना करना है। यह तभी संभव है, जब किसान की न्यूनतम आय तय कर, उसे प्राप्त करने का कानूनी अधिकार मिले। हम दुनिया से 10 साल पीछे चल रहे हैं और दुनिया के विकसित राष्ट्रों द्वारा रिजेक्टेड नीतियों को लागू कर रहे हैं। कार्यक्रम के प्रारंभ में मंदसौर गोलीकांड के शहीद किसानों तथा आत्महत्या करने वाले किसानों को श्रद्धान्जलि दी गई।
Created On :   26 July 2017 9:33 PM IST