गायक सोनू निगम पर आतंकी हमले की आशंका !

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई पुलिस ने गायक सोनू निगम और दो भाजपा विधायकों राम कदम और आशीष शेलार की सुरक्षा बढ़ा दी है। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों से खतरे की सूचना मिलने के बाद तीनों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। मुंबई पुलिस को गुप्त सूचना मिली है कि पाकिस्तान में स्थित आतंकी संगठन किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान सोनू निगम पर हमले की साजिश रच रहे हैं।
खुफिया विभाग ने किया सतर्क, गायक के आवास पर पुलिस तैनात
फिलहाल पुलिस इस मामले पर आधिकारिक रुप से बोलने को तैयार नहीं है। लेकिन सोनू निगम के वर्सोवा स्थित घर के बाहर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। सोनू निगम फिलहाल मुंबई में नहीं हैं लेकिन वापस आने के बाद उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी। राज्य के खुफिया विभाग से मिली जानकारी के बाद मुंबई पुलिस ने यह कदम उठाए हैं। सूत्रों के मुताबिक निगम को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्करे तैयबा से खतरा है। राज्य की खुफिया विभाग ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी है।
भाजपा विधायकों शेलार और रामकदम की भी सुरक्षा बढ़ी
दरअसल पिछले साल अप्रैल महीने में सोनू निगम ने अजान के दौरान इस्तेमाल होने वाले लाउडस्पीकर को लेकर ट्वीट किया था। गायक के मुताबिक सुबह-सुबह घर के पास लगे लाउड स्पीकर से तेज आवाज आती है जिसके चलते उनकी नींद टूट जाती है। इसके बाद काफी विवाद हुआ था। सोशल मीडिया पर आलोचना के अलावा कई कट्टरपंथियों ने भी सोनू निगम को धमकियां दी थीं। भाजपा विधायकों में शेलार और रामकदम की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।
ट्वीट पर काफी कमेंट थे आए
धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर विवादों में फंसे गायक सोनू निगम ने ऐसा वीडियो ट्वीट किया था। जिस पर अजान का विडियो रिकॉर्ड था। जो देखकर ऐसा लगता था कि वह तड़के रिकॉर्ड किया गया होगा। उसमें अजान की आवाज आ रही थी। वीडियो के साथ सोनू निगम ने लिखा था, "गुडमॉर्निंग इंडिया"। सोनू निगम के ट्वीट पर काफी कमेंट आए थे।
Created On :   6 Feb 2018 7:43 PM IST