बेटा होने का झांसा देकर महिला तांत्रिक ने ऐंठ लिए 26 लाख रुपए, एक शख्स गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, पुणे। बेटे की चाहत में एक शख्स को ढोंगी महिला तांत्रिक ने 26 लाख का चूना लगाया। इस गोरखधंधे में एक शख्स भी शामिल है। जिसने पीड़ित को खुद महिला तांत्रिक से मिलवाया था। मांजरी इलाके में हुई इस धोखाधड़ी के बाद पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सुनिल रामशरण सरोज, उम्र 38 साल को सलाखों के पीछे भेजा गया है। साथ ही 50 वर्षीय महिला पर हड़पसर थाने में जादूटोना प्रतिबंधक कानून 2013 के तहत मामला दर्ज किया गया हैं। जिसके खिलाफ समीर विलास कामठे, उम्र 33 साल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पहचान का उठाया फायदा
दरअसल आवेदक समीर के पिता विलास और सरोज की पहचान थी। विलास ने अक्टूबर 2016 में बातों बातों में सरोज से कहा था कि समीर को बेटा नहीं हो रहा है। उसका व्यवसाय भी ठीक तरह से नहीं चल रहा था। ये सुनकर सरोज ने विलास के परिवार की परेशानियों का फायदा उठाने की ठान ली। सरोज ने विलास को अपनी मांत्रिक महिला साथी से मिलवाया। जिसने विलास को कुछ उपाय करने के लिए कहा। साथ ही उन्हें डराया कि उपाय नहीं किया, तो परिवार पर संकट आएगा, परिवार के लोगों की मौत होगी।
विलास से कुल 26 लाख रूपए ऐंठे
विलास ने डरकर उपाय करने की तैयारी कर ली। उसके बाद अक्टूबर 2016 से दिसंबर 2017 तक सरोज और महिला मांत्रिक ने उपाय बताने के बहाने से विलास से कुल 26 लाख रूपए ऐंठ लिए। हालांकि इसकी जानकारी विलास के परिवार के किसी भी सदस्य को नहीं थी। 9 दिसंबर 2017 को विलास की तबियत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल भर्ती कराया गया। उनके बेटे समीर ने जब उनके बैंक का पासबुक देखा। तब 17 लाख 20 रूपए सरोज के खाते में जमा करने और उसे 9 लाख रूपए नकद राशि देने की बात सामने आई।
अब महिला तांत्रिक की तलाश
इसके बाद समीर ने हड़पसर पुलिस थाने जाकर सरोज और महिला के विरोध में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सरोज को गिरफ्तार किया है। लेकिन महिला की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो चुकी है। पुलिस महिला तांत्रिक को तलाश रही है।
Created On :   5 Feb 2018 5:14 PM IST