भारत-इटली के बीच रेलवे और ऊर्जा क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण समझौते

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इटली के प्रधानमंत्री पाओलो जेंटिलोनी दो दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। सोमवार को पीएम मोदी ने हैदराबाद हाउस में पाओलो जेंटिलोनी से मुलाकात की। दोनों प्रधानमंत्रियों ने शिष्टमंडल स्तर की वार्ता में हिस्सा लिया। इस बैठक में 12 भारतीय और 19 इतालवी बिजनेस लीडर्स शामिल हुए, जिन्होंने आर्थिक और निवेश सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा की। इस दौरान दोनों देशों के बीच 6 समझौते हुए। चर्चा के बाद पीएम मोदी और इटेलियन पीएम जेंटिलोनी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दोनों नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में द्विपक्षीय सम्बंधों को मजबूत बनाने की बात कही।
6 MoU पर हुए हस्ताक्षर
रेलवे की सुरक्षा सहयोग के लिए एक संयुक्त घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर हुए हैं।
ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग के लिए एक समझौता किया गया है।
इटली की ट्रेड एजेंसी और इन्वेस्ट इंडिया के बीच सहयोग को लेकर समझौता हुआ है।
भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद और इटली के विदेशी मामलों और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय के बीच एक MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग पर एक प्रोटोकॉल पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं।
इटली के विदेशी मामलों की प्रशिक्षण इकाई और भारत के विदेश मंत्रालय के विदेश सेवा संस्थान के बीच MoU पर हस्ताक्षर हुए हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बोले पीएम मोदी
- भारत और इटली विश्व की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं। हमें 8.8 मिलियन डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार को आगे बढ़ाना है।
- अनेक क्षेत्रों में भारत और इटली की आवश्यकताएं मिलती है।
- साइंस और टेक्नॉलजी में हम भागीदारी बढ़ाने को उत्सुक हैं।
- इटली हायर एजुकेशन के लिए पसंदीदा जगह बनता जा रहा है।
- इटली में बहुत से लोग भारतीय संस्कृति, खानपान, योग और रहन-सहन में रुचि रखते हैं।
- हम दोनों आतंकवाद से लड़ने और सायबर सिक्योरिटी से निपटने को प्रतिबद्ध हैं।
- साझा चुनौतियों और हितों के मामले में एकदूसरे का समर्थन करने पर सहमत हैं।
इटली के पीएम ने किया साथ काम करने का वादा
- हमारे बीच मजबूत आर्थिक संबंध हैं, इसे और अधिक मजबूत बनाने का ये अच्छा मौका है।
- वैश्विक स्तर पर हमारी एक समान रुचियां हैं। भारत में सुधारात्मक कार्यक्रम चल रहे हैं और ये इटली के व्यवसायिक समुदाय के लिए बड़ा अवसर है।
- हमारे पास इटली में भारतीय कंपनियों के अच्छे निवेश हैं।
- हमने प्रवासन संबंधी समस्याओं पर लड़ने, अर्थव्यवस्था-व्यापार और वैश्विक संबंधों पर अपने विचार साझा किए।
- हमारा एक समान लक्ष्य लोकतंत्र है, इसलिए, मैं भारत दौरे से काफी खुश हूं।
- ये दौरा हमारे संबंधों को पुनर्स्थापित करने और मेरे प्रधानमंत्री मोदी के साथ व्यक्तिगत संबंध के लिए बड़ा अवसर होगा।
इससे पहले जेंटिलोनी को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम मोदी ने जेंटिलोनी का स्वागत किया। स्वागत के बाद जेंटिलोनी ने कहा कि दोनों देशों के एक समान हित हैं और दोनों आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।
स्वागत और मीटिंग के बाद जेंटिलोनी ने होटल ताज पैलेस में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात की। वो कल रात को भारत पहुंचे थे। आपको बता दें, जेंटिलोनी से पहले फरवरी 2007 में इटली के प्रधानमंत्री रोमानो प्रोडी ने भारत का दौरा किया था।
भारत के प्रति इटली के पीएम का सकारात्मक नजरिया
पत्नी के साथ उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जाकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। पीएम गेंतीलोनी ने कहा, ‘दोनों देशों के बीच मजबूत आर्थिक संबंध हैं और अभी इसे और मजबूत बनाने का सुनहरा मौका है। वैश्विक स्तर पर हमारी रुचियां एक हैं।
Created On :   30 Oct 2017 2:59 PM IST