डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के साम्बा जिले में गुरुवार को सीमापार से हुई फायरिंग में एक भारतीय जवान शहीद हो गया है। BSF ने इस शहादत का बदला लेते हुए पाकिस्तान की दो से तीन चौकियों को उड़ा दिया है। बताया जा रहा है कि दो पाक रेंजर्स भी इस गोलीबारी में बुरी तरह जख्मी हुए हैं।

 

BSF के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "पाकिस्तानी रेंजर्स ने गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे साम्बा जिले में फायरिंग शुरू की। बीएसफ के गश्ती दल को निशाना बनाकर यह फायरिंग की गई। इस फायरिंग में BSF कांस्टेबल तपन मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।" उन्होंने आगे बताया कि BSF ने पाक आर्मी द्वारा की गई इस गोलीबारी का मजबूत जवाब देते हुए 2 से 3 पाक चौकियों को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा, "पाक रेंजर्स द्वारा किए गए इस संघर्षविराम उल्लंघन के जवाब में भारतीय सैनिकों ने 2 बजे तक जवाबी कार्रवाई की। इसमें  2 पाक सैनिक भी घायल हुए हैं।

 

अनंतनाग में सेना के काफिले पर हमला

साम्बा जिले में सीजफायर वॉयलेशन से पहले जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में सेना के काफिले पर हमला हुआ। यहां आतंकियों ने अनंतनाग के लजीबल में सेना के काफिले पर अंधाधुंध गोलियां चलाई। गोलीबारी के बाद आतंकी फरार हो गए। पहलगाम-अनंतनाग रोड पर यह हमला सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ। यहां आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की 96वीं बटालियन के वाहन पर गोलियां चलाईं। हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल इलाके को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया है। सर्च अभियान जारी है।
 


शोपियां में बीजेपी नेता की हत्या
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों ने बीजेपी के एक युवा नेता की गुरुवार को हत्या कर दी है। गौहर हुसैन भट (30) का शव किल्लूर में एक बाग से बरामद हुआ है। वह शोपियां में बोंगम के रहने वाले थे।

Created On :   2 Nov 2017 11:49 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story