कानपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 6 मकान ढहे, 2 की मौत

डिजिटल डेस्क, कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक ब्लास्ट होने से दो लोगों की मौत हो गई है। घटना कानपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरसौल बाज़ार मुख्य बस्ती की है। इस धमाके में करीब आधा दर्जन मकान ढह गए हैं, वहीं तीन लोग घायल भी हुए हैं। कई दर्जन लोग अभी भी मलबे में दबे हुए बताए जा रहे हैं। पुलिस और आईटीबीपी के जवान सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य में जुट गए हैं। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ से भी मदद ली जा रही है। अभी तक मलबे में से एक महिला और एक बच्चे को सही-सलामत निकाला गया है। मलबे को हटाकर लोगों को बाहर निकालने का कार्य जारी है। राहत बचाव कार्य में स्थानीय लोग भी सहयोग कर रहे हैं। लोगों के अनुसार जिस पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ है वह अवैध रूप से चलाई जा रही थी। लोगों के मुताबिक प्रशासन और पुलिस की लापरवाही के कारण उनके क्षेत्र में इतनी बड़ी घटना घटी है। पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारियों सहित डीएम और डीआईजी भी मौके पर पहुंच गए हैं। स्थानीय प्रशासन के लोग भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
Created On :   4 Oct 2017 5:46 PM IST