मुंबई : ESIC हॉस्पिटल में भीषण आग, 8 की मौत... 142 से ज्यादा झुलसे

मुंबई : ESIC हॉस्पिटल में भीषण आग, 8 की मौत... 142 से ज्यादा झुलसे
हाईलाइट
  • इस आग में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 20 से ज्यादा लोग आग में झुलस गए हैं।
  • अब तक रेस्क्यू टीम 100 से ज्यादा लोगों को अस्पताल से बाहर निकाल चुकी है।
  • मुंबई के अंधेरी ईस्ट में कर्मचारी राज्य बीमा (ESIC) अस्पताल में सोमवार को भीषण आग लग गई।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के अंधेरी ईस्ट में राज्य कर्मचारी बीमा (ESIC) कामगार अस्पताल में सोमवार को भीषण आग लग गई। इस आग में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 142 से ज्यादा लोग झुलस गए हैं। कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है जिस कारण मौत का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। आग लगने की जानकारी के बाद रेस्क्यू टीम राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गई और 140 से ज्यादा लोगों को अस्पताल से बाहर निकाला। आग किन कारणों से लगी इसकी आधिकारिक तौर पर अब तक पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी। अधिकारियों ने इस आग को लेवल-4 कैटेगरी की आग घोषित किया है। 

जानकारी के मुताबिक घटना में 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 142 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 26 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। घटना में मारे गए लोगों के नाम आसाराम पूजाराम (68), मनीषा कंगटकर (65), तीरथराज गुप्ता (74), चंद्रकांत मथरे (69), बाबू खान (54) आदि हैं। 

बता दें कि BMC के डिजास्टर मैनेजमेंट सेल ने बताया कि पांच मंजिला भवन के इस अस्पताल में आग चौथे माले पर शाम करीब 4 बजे लगी थी। आग की खबर मिलते ही रेस्क्यू टीम अस्पताल से लोगों को बाहर निकालने में जुटी गई थी। हालांकि चारों तरफ से घिरे होने के चलते दमकल विभाग को आग पर काबू पाने में खासी परेशानी हुई। उन्होंने बताया कि कुछ मरीजों को अंधेरी वेस्ट के कूपर अस्पताल, पी. ठाकरे अस्पताल, जोगेश्वरी (ईस्ट) ट्रॉमा सेंटर, होली स्पिरिट हॉस्पिटल और अंधेरी ईस्ट के सेवन हिल्स अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। घायलों में एक दमकल कर्मी भी शामिल है। बताया जा रहा है कि एक की मौत रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सीढ़ी से गिरने पर हुई है जबकि 5 लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। 

दमकल विभाग के मुताबिक अस्पताल को फायर एनओसी नहीं दिया गया है। यहां सुरक्षा मानकों के पालन में भी लापरवाही बरती गई है। वहीं मुंबई के मेयर महादेश्वर ने अस्पताल में आग लगने की इस घटना के बाद कहा कि आग लगने का कारणों के बारे में अब तक पता नहीं चल पाया है। महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के पास फायर ऑडिट की जिम्मेदारी है। अस्पताल  का फायर ऑडिट किया गया था या नहीं इसकी जांच की जाएगी।
 

Created On :   17 Dec 2018 2:20 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story