महाराष्ट्र कांग्रेस के नए प्रभारी बने मल्लिकार्जुन खड़गे, पांच राज्यों के लिए बनी स्क्रिनिंग कमेटी

Mallikarjun Kharge, became new incharge of Maharashtra Congress
महाराष्ट्र कांग्रेस के नए प्रभारी बने मल्लिकार्जुन खड़गे, पांच राज्यों के लिए बनी स्क्रिनिंग कमेटी
महाराष्ट्र कांग्रेस के नए प्रभारी बने मल्लिकार्जुन खड़गे, पांच राज्यों के लिए बनी स्क्रिनिंग कमेटी
हाईलाइट
  • कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 2019 चुनाव के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे को महाराष्ट्र कांग्रेस का नया प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है।
  • मल्लिकार्जुन खड़गे की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।
  • वे मोहन प्रकाश की जगह लेंगे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 2019 चुनाव के पहले बड़ा बदलाव करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे को महाराष्ट्र कांग्रेस का नया प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है। खड़गे को नई जिम्मेदारी दिए जाने की घोषणा आज यहां पार्टी के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने की। गहलोत ने बताया कि मल्लिकार्जुन खड़गे की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी। वे मोहन प्रकाश की जगह लेंगे। 48 लोकसभा सीट वाले महाराष्ट्र में खड़गे जैसे सुलझे नेता की नियुक्ति एक अच्छा फैसला माना जा रहा है।

राहुल गांधी ने आज खड़गे के साथ महाराष्ट्र के लिए तीन नए प्रभारी सचिवों की नियुक्ति भी की है। सोनाली पटेल (गुजरात), आशीष दुआ (हरियाणा) और संपत कुमार (तेलंगाना) महाराष्ट्र कांग्रेस के नए प्रभारी सचिव होंगे। लोकसभा और विधानसभा के कई चुनाव जीत चुके खड़गे कर्नाटक के जमीनी नेता हैं। फिलहाल वे लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता हैं। अनुभवी नेता होने के साथ उनकी एक खासियत यह भी है कि कन्नड़ के साथ मराठी, हिंदी और अंग्रेजी भाषा पर भी उनकी बराबर की पकड़ है। मराठी भाषा की जानकारी जहां उन्हें महाराष्ट्र के नेताओं से संपर्क साधने में मदद करेगी तो वहीं वरिष्ठ होने के नाते वे महाराष्ट्र कांग्रेस के सभी वर्ग के नेताओं को साथ बैठाने में कामयाब रहेंगे।

मिस्त्री होंगे मप्र कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष
कांग्रेस अध्यक्ष ने विधानसभा चुनाव वाले पांच राज्यों के लिए पार्टी की स्क्रीनिंग (छानबीन) कमेटी का गठन भी कर दिया है। मधुसूदन मिस्त्री को मध्यप्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है तो पूर्व केन्दीय मंत्री कुमारी शैलजा राजस्थान कांगेस की स्क्रीनिंग कमेटी की प्रमुख बनाई गई हैं। इसी प्रकार भुवनेश्वर कलिता को छत्तीसगढ़, वीडी सतीसन को ओडिशा और लुईजिन्हो फ्लेरियो को मिजोरम स्क्रीनिंग कमेटी का प्रमुख बनाया गया है। मिजोरम को छोड़कर सभी राज्यों की स्क्रीनिंग कमेटी में दो-दो सदस्य भी नामित किए गए हैं। स्क्रीनिंग कमेटी पार्टी के संभावित उम्मीदवारों की छानबीन करती है।

जेडी सीलम बने कांग्रेस के नए सचिव 
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री जे डी सीलम और सेवा दल के पूर्व प्रमुख महेन्द्र जोशी को पार्टी का नया सचिव नियुक्त किया है। इन दोनों सचिवों को पार्टी के संगठन महासचिव अशोक गहलोत के साथ जोड़ा गया है। सीलम और जोशी के साथ शशिकांत शर्मा को पार्टी का संयुक्त सचिव बनाकर गहलोत के साथ संलग्न किया गया है। ऐसा करके राहुल ने संगठन महासचिव के कार्यालय को ज्यादा चुस्त दुरूस्त बनाने की कोशिश की है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आज क्रिस्टोफर तिलक और सीडी मेय्यप्पन को भी पार्टी का नया सचिव बनाया गया है। तमिलनाडु से आने वाले तिलक और मेय्यप्पन को आन्ध्रप्रदेश के प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अशोक गहलोत ने बताया कि ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।

Created On :   22 Jun 2018 2:01 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story