बिहार में ठंडी हवाओं से पारा लुढ़का

- बिहार में ठंडी हवाओं से पारा लुढ़का
पटना, 11 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश इलाकों में शनिवार को मौसम साफ है लेकिन चल रही ठंडी हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है तथा तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बिहार में गया का शनिवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पटना का शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 12.6 डिग्री तथा पूर्णिया का 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में अंतर कम होगा तथा रात का पारा दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा। हालांकि अब मौसम साफ रहने से दिन में धूप खिली रहेगी।
आने वाले तीन-चार दिनों में उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में अन्य जिलों की अपेक्षा ठंड बढ़ेगी।
पटना का शनिवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पटना का शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
Created On :   11 Jan 2020 12:00 PM IST