उत्तर की तरफ बढ़ा मानसून, 10 जून के बाद मप्र में झमाझम

Monsoon can arrive anytime after 10th of Jun in Mdhya Pradesh
उत्तर की तरफ बढ़ा मानसून, 10 जून के बाद मप्र में झमाझम
उत्तर की तरफ बढ़ा मानसून, 10 जून के बाद मप्र में झमाझम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में इस बार निर्धारित समय से 3 दिन पहले मानसून सक्रिय हो गया है। इस समय तटवर्ती केरल और दक्षिण कर्नाटक में जम कर वर्षा हो रही है। मेट्रोलाजिकल डिपार्टमेंट के वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी भारत पर दक्षिण-पश्चिम मानसून का झुकाव वर्तमान में कर्नाटक से अधिक है और यह धीरे-धीरे उत्तर की तरफ बढ़ रहा है। इंडियन मेट्रोलाजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) ने बताया कि हवाओं का रुख अनुकूल बना रहागा तो मानसून 6 जून तक महाराष्ट्र में प्रवेश कर जाएगा। मध्यप्रदेश में मानसून की आमद 10 जून के बाद कभी भी हो सकती है। इस बीच प्री मानसून बरसात ने दिल्ली में कहर बरपाया हुआ है। प्रीमानसून बरसात में 3 लोगों की मौत हो गई है। 

मुंबई में करेंट लगने से तीन लोगों की मौत 
मुंबई में शनिवार रात प्री-मानसून बारिश से शहरवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत तो दी, लेकिन वर्षा से भीगी दीवारों पर कंरेंट फैलने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान अनिल यादव, सारा खान और ओमकर फतेटारे के रूप में हुई है। ठाणे, कल्याण, डोंबिवली, अंबरानाथ, नवी मुंबई, वसई और विरार आदि इलाकों में जम कर बरसात हुई। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन कक्ष के अनुसार, 7.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बीच मुंबई में 7 बिल्डिंगों को खतरनाक जर्जर इमारतों के रूप में परिभाषित किया गया है। बरसात का मौसम इन बिल्डिंगों के लिए खतरनाक हो सकता है।  

अगले तीन दिनों में और होगी वर्षा 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पश्चिमी क्षेत्र के डिप्टी डायरेक्टर जनरल के एस होसालिकार ने बताया कि मुंबई और आसपास के इलाकों में अगले तीन दिनों में अधिक बारिश हो सकती है। इस बीच, उपनगरों और दक्षिण मुंबई में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस से थोड़ा अधिक था, जबकि रात का तापमान पिछले दिनों के समान ही था। 

उत्तर प्रदेश में 19 लोगों की मौत 
उत्तरप्रदेश:एक महीने के अंदर चौथी बार शनिवार को तेज आंधी-तूफान और बारिश ने कहर बरपाया। आंधी-तूफान से हुए हादसों में 19 लोगों की मौत की खबर है। रविवार को भी राज्य के अनेक इलाकों में बरसात हुई। लेकिन अब तक कहीं से अप्रिय समाचार नहीं है। इससे पहले राज्य में  2-3 मई की रात 9 और 13 मई को आई आंधी-तूफान-बारिश के कारण हुए हादसों में 137 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा प्रभावित मुरादाबाद में छह, इटावा में पांच, संभल में तीन, मेरठ और मुज्जफरनगर में दो-दो और अमरोहा में 1 की मौत हुई। 

नावली नदी में कार बही 
गुजरात के सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात अंचल में अचानक मौसम बदल गया है। धूल भरी तेज हवाओं के साथ अमरेली के सावरकुंडला, भावनगर के गारियाधार और डांग में शनिवार और इतवार को कहीं कम तो कहीं ज्यादा बरसात हुई। सावरकुंडला में डेढ़-दो घंटे में तीन इंच बारिश हुई। इसके चलते स्थानीय मौसमी नदी और नावली नदी में उफान आ गया। इसकी चपेट में आकर एक कार बह गई। उधर, भावनगर के गारियाधार में तेज हवाओं और बारिश के चलते बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई। सामान्यत: गुजरात में 15 जून से मानसून सक्रिय होता है।


 

Created On :   3 Jun 2018 7:12 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story