Coronavirus: मुंबई में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य, उल्लंघन करने वालों की होगी गिरफ्तारी

Mumbai makes it mandatory to wear masks in public places
Coronavirus: मुंबई में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य, उल्लंघन करने वालों की होगी गिरफ्तारी
Coronavirus: मुंबई में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य, उल्लंघन करने वालों की होगी गिरफ्तारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। चंडीगढ़ के बाद मुंबई में भी मास्क पहनना या बाहर जाते समय चेहरे को कपड़े से ढंकना अनिवार्य कर दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वाले लोगों को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 188 के तहत गिरफ्तारी का सामना करना पड़ेगा। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इसे लेकर सर्कुलर जारी किया है।

क्या कहा गया है सर्कुलर में?

  • कोई भी व्यक्ति किसी भी वजह से सार्वजनिक जगह जैसे अस्पताल, दफ्तर, बाजार या सड़क पर जाएं तो 3 प्लाई या कपड़े का मास्क अनिवार्य रूप से पहने।
  • अगर कोई ऑफिस की गाड़ी या अपने निजी वाहन से सफर कर रहा है, तो भी मास्क पहनना अनिवार्य है।
  • अगर कोई शख्स किसी साइट/ऑफिस/किसी और जगह काम करता है, तो भी उसे भी हर वक्त मास्क पहने रहना है।
  • कोई भी शख्स बिना मास्क पहने न तो किसी मीटिंग में शामिल होगा और न ही ऐसी जगह जाएगा, जहां लोग होंगे।
  • मेडिकल स्टोर पर मिलने वाले मास्क के अलावा घर पर बनाए गए मास्क का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा जिसे धोकर साफ किया जा सके।

सीएम ठाकरे की मास्क पहनने की अपील
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी लोगों से अपने घरों से बाहर जाने के दौरान मास्क पहनने का आग्रह किया और सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं के पूर्व कर्मियों, सेवानिवृत्त नर्सों से कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में शामिल होने की अपील की। ठाकरे ने कहा, मास्क किसी दुकान से खरीदने की जरूरत नहीं है। आप किसी साफ कपड़े से घर में ही मास्क बना सकते हैं। साथ ही सिंगल यूज मास्क को डिस्पोज करते हुए बेहद सावधानी बरतें।

बुखार या खांसी होने पर जाए अस्पताल
ठाकरे ने कहा कि जिन भी लोगों को बुखार या खांसी हैं वो Covid-19 के खास अस्पतालों में जाकर चेक करवाएं। उन्होंने ये भी कहा कि "मैं आप लोगों की परेशानी समझता हूं। घर पर रहने में काफी तरह की दिक्कतें आ रही हैं। लोग बोर हो रहे हैं। मुझे इसका दुख है। लेकिन हमारे पास घर पर रहने के अलावा और कोई ऑप्शन नहीं है।" ठाकरे ने कहा, "हमें कोई शक नहीं है कि हम यह लड़ाई जीत जाएंगे। लेकिन इसके बाद इकोनॉमी के मोर्चे पर हमारी लड़ाई इससे भी बड़ी है।"

मुंबई में कोरोनावायरस के 782 मामले
बता दें कि भारत में अब तक कोरोनावायरस के 5119 मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना वायरस की वजह से देश में 149 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं 402 मरीज इलाज करवाने के बाद स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। जबकि 4643 मरीज देश के अलग-अलग अस्पतालों में अपना इलाज करवा रहे हैं। देश में सबसे अधिक 1,078 कोरोनोवायरस मामले महाराष्ट्र में हैं, जिनमें 80 मरीज ऐसे हैं, जो ठीक हो चुके हैं। अकेले मुंबई में कोरोनावायरस से 782 मामले सामने आए हैं और 50 मौतें हुई हैं।

Created On :   8 April 2020 3:05 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story