इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक अपराधी घोषित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक को अपराधी घोषित कर दिया है। जल्दी ही देश में उसकी सारी सम्पत्ति जब्त की जाएगी। हाल ही में मुंबई की एक स्पेशल कोर्ट ने जाकिर नाइक को अपराधी घोषित करने के लिए कहा था। इससे पहले 19 जुलाई को मुंबई के एक रीजनल पासपोर्ट ऑफिस ने उनका पासपोर्ट निरस्त कर दिया था।
जाकिर नाइक पिछले एक साल से भारत में नहीं है। वह 1 जुलाई 2016 से फरार है। बांग्लादेश में हुए धमाके के बाद पकड़ाए आतंकियो के जाकिर नाइक के उपदेशों से प्रभावित होने के खुलासे के बाद से ही NIA को उसकी तलाश है।
जाकिर नाइक के खिलाफ NIA टेरर फंडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। इन मामलों में NIA के तीन नोटिस पर भी जाकिर नाइक की ओर से कोई जवाब नहीं आया । इसी के चलते उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था। जाकिर नाइक के खिलाफ गैर-जमानती वॉरंट भी जारी किया गया है।
NIA ने ज़ाकिर नाइक और उसकी संस्था इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन के खिलाफ 2016 के नवंबर महीने में एफआईआर दर्ज की थी। इस एफआईआर में ज़ाकिर नाइक और उसकी संस्था पर गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने और धार्मिक समुदायों के बीच नफरत पैदा करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोपों पर पुख्ता सबूतों के बीच केंद्र सरकार ने ज़ाकिर नाइक की संस्था इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर पांच साल का प्रतिबंध लगा दिया था।
Created On :   28 July 2017 10:54 PM IST