4 हजार से ज्यादा अनाथ बच्चों को मिली मां की गोद, लड़कियों की तादाद ज्यादा

Over 4,000 children, including 2,398 girls, were adopted
4 हजार से ज्यादा अनाथ बच्चों को मिली मां की गोद, लड़कियों की तादाद ज्यादा
4 हजार से ज्यादा अनाथ बच्चों को मिली मां की गोद, लड़कियों की तादाद ज्यादा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अनाथ बच्चों को गोद लेने के लिए प्रेरित करने वाली संस्था कारा (Child Adoption Resource Authority) ने 2018-19 का डाटा जारी किया है। इसमें बताया गया है कि इस साल देशभर में 4 हजार बच्चों को गोद लिया गया है, जिसमें 2,398 लड़कियां शामिल हैं। कारा से मिले डाटा के मुताबिक 3,374 बच्चों को भारत के लोगों ने ही गोद लिया, जबकि 653 बच्चों की परवरिश अब विदेश में हो रही है।

पिछले पांच साल के आंकड़ों को देखा जाए तो इस साल गोद लिए गए बच्चों की संख्या सबसे ज्यादा है। साल 2017-18 में 3,927 बच्चों को तो 2016-17 में 3,788 बच्चों को गोद लिया गया था, वहीं 2016-15 में 3,677 अनाथ बच्चों के गोद लेने की प्रक्रिया पूरी की गई थी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के मुताबिक लड़कियों को लेकर भी समाज की सोच में तेजी से बदलाव आ रहा है। इस साल के आंकड़ों से भी ये बात स्पष्ट होती है, जिसमें गोद ली जाने वाली लड़कियों की संख्या लड़कों से ज्यादा है।

कारा (CARA) से मिली जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा बच्चों को महाराष्ट्र के लोगों ने गोद लिया है। महाराष्ट्र के लोगों ने 845 बच्चों को गोद लिया, जिसमें 477 लड़कियां शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक महाराष्ट्र में अडॉप्शन सेंटर ज्यादा तादाद में होने के कारण वहां ज्यादा बच्चे गोद लिए गए हैं। महाराष्ट्र में कुल 20 अडॉप्शन सेंटर हैं, जो देश के दूसरे राज्यों से काफी ज्यादा हैं।बच्चों को गोद लेने के मामले में दूसरे नंबर पर कर्नाटक है, वहां इस साल 281 बच्चों को गोद लिया गया है। 244 बच्चों के साथ तीसरे नंबर पर ओडिशा और 239 के साथ चौथे नंबर पर भोपाल है। जिन राज्यों में जनसंख्या के लिहाज से लड़कियों का प्रतिशत कम है, वहां भी लोग लड़कियों को गोद ले रहे हैं। हरियाणा में 72 बच्चों को गोद लिया गया है, जिसमें से 45 लड़कियां हैं। इसके अलावा देश की राजधानी दिल्ली में 153 बच्चों को गोद लिया गया है, जिसमें 103 लड़कियां हैं।

 

 

 

 

 

Created On :   27 May 2019 5:12 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story