गेंद समझकर बम से खेल रहा था बच्चा, तभी हुआ कुछ ऐसा

डिजिटल डेस्क, जम्मू कश्मीर। आतंकी गतिविधियों और पाकिस्तान द्वारा लगातार सीज फायरिंग के उल्लंघन के बीच दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के समीप एक बम में विस्फोट होने से शनिवार को 12 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाहपुर निवासी मोहम्मद इकबाल (12) को सुबह करीब 11:45 बजे कस्बा गांव के समीप एक खुले खेत में बम मिला और वह उसके साथ खेलने लगा, जिससे विस्फोट हो गया। अधिकारी ने कहा, ‘बच्चे को गंभीर चोटें आई है और उसके दोनों हाथ जल गए हैं। उसे अस्पताल ले जाया गया और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।"
अधिकारी ने बताया कि यह बम हाल फिलहाल में सीमा पार से गोलाबारी के दौरान पाकिस्तान द्वारा दागा गया मोर्टार लग रहा है, जो अभी तक फटा नहीं था और उसका पता नहीं चल पाया था। उन्होंने बताया कि बच्चा खेतों में खेल रहा था तभी उसे बम मिला। गनीमत रही कि जब वह गोला फटा तो उससे केवल उसका हाथ ही जख्मी हुआ। धमाका सुनकर परिवार और गांव के लोग वहां पहुंचे तो देखा कि घायल बच्चा दर्द के मारे तड़प रहा है।
आनन-फानन में बच्चे को डॉक्टरों के पास ले जाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया तो पता चला बच्चा मोर्टार के गोले से खेल रहा था। उसमें विस्फोट होने के चलते वह जख्मी हो गया है। गांव वालों का कहना है कि मोर्टार का गोला खेत में पड़ा था। वहीं से बच्चा उसे उठा ले आया था।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बड़े-बजुर्ग बच्चों को सलाह दे रहे हैं कि घर या खेतों में कोई संदिग्ध सामान या खेलने की चीज दिखे तो वह उसे हाथ न लगाए। इस घटना के बाद से कई लोगों ने अपने बच्चों को घर से बाहर जाने के लिए ही मना कर दिया है।
Created On :   13 Jan 2018 10:57 PM IST