पेट्रोल 100 के पार होते ही मशीनों में करने होंगे बदलाव,देश में हैं 61 हजार पेट्रोल पंप

- ग्राहकों के साथ विक्रेताओं की और बढ़ेगी परेशानी
- देशभर में हो सकती है भारी समस्या
- पेट्रोल 100 के पार होते ही मशीनों में करने होंगे बदलाव
डिजिटल डेस्क, नागपुर। देश भर में पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। दिन-ब-दिन बढ़ते दाम के कारण आम जनता को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पेट्रोल-डीजल की दर वृद्धि का यही हाल रहा तो केवल उपभोक्ता ही नहीं, विक्रेताओं को भी परेशान होना पड़ेगा। पंप पर गाड़ियों में पेट्रोल भरने के लिए लगाई गई मशीनें केवल 99.99 रुपए तक की डिस्प्ले कर सकती हैं। यदि पेट्रोल की दर (तीन अंकों में) 100 रुपए प्रति लीटर पर जाती है तो विक्रेताओं और पेट्रोलियम कंपनियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। यदि ऐसा होता है तो कंपनी को सभी मशीनों में बदलाव करने होंगे। यहां तक कि नई मशीन लगाने तक की नौबत आ सकती है।
देश में करीब 61,000 पेट्रोल पंप
पेट्रोल-डीजल के दामों में हो रही रोजाना बढ़ोतरी ने अब एक नई समस्या खड़ी कर दी है। देशभर में करीब 61,000 पेट्रोल पंप हैं, जिनमें साढ़े तीन लाख के करीब मशीनें लगी हुई हैं। पेट्रोल के दाम जैसे ही सौ रुपए लीटर का आंकड़ा पार करेंगे इन मशिनों में टेक्निकल सहित कई बदलाव करने होंगे। इस प्रक्रिया के दौरान पेट्रोल के दाम और माप को लेकर वेंडर और ग्राहक के बीच अनबन होने की स्थिती भी बन सकती है।
नागपुर शहर में ही लगभग 100 पेट्रोल पंप
शहर में तीनों कंपनियों के मिलाकर लगभग 100 पंप हैं। एक पंप पर औसतन 4 या 5 मशीनें लगी हैं। कुछ पंप ऐसे हैं, जहां इससे अधिक मशीनों की भी व्यवस्था है। इस हिसाब से शहर में 500 से 600 मशीनें लगी हैं। 500 से 600 मशीनों को बदलने या उनके सॉफ्टवेयर में बदलाव करने में बहुत अधिक समय लगेगा। मशीनों में बदलाव करने के लिए उसके मॉडल का अप्रूवल लेना होता है। इसके बाद पेट्रोलियम कंपनियों के तकनीशियन माप-तौल विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में सील खोलते हैं और बदलाव किया जाता है।
विकट हो सकते हैं हालात
रोजाना बढ़ रहे दाम को देखकर ऐसा लग रहा है कि जल्द ही पेट्रोल के दाम शतक लगा लेंगे। यदि ऐसा होता है तो पेट्रोल विक्रेताओं के सामने भारी संकट की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। अभी से ही इसके बारे में विचार करने की आवश्यकता है।
हरजीतसिंह भाटिया, पूर्व अध्यक्ष, विदर्भ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन
हर समस्या का समाधान है
पेट्रोल के दाम 100 रुपए प्रति लीटर होने पर मशीन में बदलाव किया जा सकता है। आजकल कम्प्यूटराइज्ड काम हो गया है। हर समस्या का समाधान है।
अमित गुप्ता, अध्यक्ष, विदर्भ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन
Created On :   3 Oct 2018 3:12 PM IST