राजीव गांधी के नाम पर लड़कर दिखाएं चुनाव, PM मोदी ने कांग्रेस को दी चुनौती

राजीव गांधी के नाम पर लड़कर दिखाएं चुनाव, PM मोदी ने कांग्रेस को दी चुनौती

डिजिटल डेस्क, रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजीव गांधी के मुद्दे पर एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा है, पीएम मोदी ने रैली के दौरान झारखंड के चाईबासा में कहा कि कांग्रेस ने ही भारत के इतिहास का सबसे बड़ा कोयला घोटाला दिया है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस में हिम्मत है तो वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर चुनाव लड़कर दिखाए।

पीएम मोदी ने कहा कि देश अस्थिरता नहीं, बल्कि एक मजबूत सरकार चाहता है, भारत रिमोट से चलने वाला मजबूर प्रधानमंत्री नहीं चाहता है, देश भ्रष्टाचार फैलाने वाले वंशवादी लोगों की सरकार नहीं चाहता है। मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि मैं नामदार के चेले चपाटों और रागदरबारियों को चुनौती देता हूं कि उनमें हिम्मत है तो बोफोर्स के आरोपी पूर्व प्रधानमंत्री (राजीव गांधी) के नाम पर चुनाव लड़कर दिखाएं।

इससे पहले पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के तमलुक जिले में एक रैली को संबोधित किया, उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की स्पीड ब्रेकर दीदी ने इस चक्रवात में भी राजनीति करने की भरपूर कोशिश की है। चक्रवात के समय मैंने ममता दीदी से फोन पर बात करने की कोशिश की थी, लेकिन दीदी का अहंकार इतना ज्यादा है कि उन्होंने बात नहीं की। मैं इंतजार करता रहा कि शायद दीदी वापस फोन करे, लेकिन उन्होंने फोन नहीं किया।

मोदी ने कहा कि मैं पश्चिम बंगाल के लोगों की चिंता में था, इसलिए मैंने दोबारा फोन किया, लेकिन दीदी ने दूसरी बार भी बात नहीं की। दीदी की इस राजनीति के बीच, मैं पश्चिम बंगाल के लोगों को फिर भरोसा देता हूं कि केंद्र सरकार पूरी शक्ति से पश्चिम बंगाल की जनता के साथ खड़ी है और राहत के काम में राज्य सरकार का हर तरह से सहयोग कर रही है।

जब ममता बनर्जी से प्रधानमंत्री की बात नहीं हो सकी तो इसके बाद प्रधानमंत्री ने राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी से बात की। पीएम ने राज्यपाल से हुई बातचीत को लेकर ट्वीट भी किया था। पीएम ने कहा, "चक्रवात फानी को लेकर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी जी से बात की। चक्रवात से निपटने के लिए आवश्यक सभी सहायता प्रदान करने के लिए केंद्र की बात को उन्होंने दोहराया। चक्रवात फानी के मद्देनजर बंगाल के लोगों के साथ मेरी एकजुटता को भी व्यक्त किया।

 

 

 

 

Created On :   6 May 2019 6:02 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story