President Murmu Rafale Fighter Aircraft: पाकिस्तान में तबाही मचाने वाले राफेल में राष्ट्रपति मुर्मू ने भरी उड़ान, रचा इतिहास

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार (29 अक्टूबर) को अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरी। उन्होंने 11 बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और 11 बजकर 50 मिनट पर लैंडिंग की। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस दौरान फ्लाइट सूट पहना हुआ था। उन्होंने विमान के उड़ान भरने से पहले हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। विमान को ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी ने उड़ाया। बता दें कि अमित भारतीय वायुसेना के नंबर 17 स्क्वॉड्रन गोल्डन एरोज के कमांडिंग ऑफिसर भी हैं।
वहीं, एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने दूसरे एयरक्राफ्ट के जरिए राष्ट्रपति की मौजूदी वाले विमान को एस्कॉर्ट किया। इससे पहले राष्ट्रपति सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर विशेष विमान से दिल्ली से अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पहुंची, जहां एयर चीफ मार्शल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति ने परेड का निरीक्षण करने के बाद जवानों से मुलाकात की।
इससे पहले सुखोई में भरी थी उड़ान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राफेल में उड़ान भरकर इतिहास रच दिया है। दरअसल, इससे पहले उन्होंने सुखोई लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी। राष्ट्रपति ने 7 अप्रैल 2023 को असम के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई 30 एमकेआई फाइटर जेट में उड़ान भरी थी। वह दो लड़ाकू विमानों में उड़ान भरने वाली देश के पहली राष्ट्रपति बन गई हैं। वहीं, अकेले सुखोई में उड़ान भरने वाली वह देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति बनी थीं। उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा सिंह पाटिल ने सुखोई में उड़ान भरी थी।
राफेल ने PAK में मचाई थी तबाही
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। इसके तहत पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को तबाह किया गया था, जिसमें राफेल फाइटर जेट ने अहम भूमिका निभाई थी।
Created On :   29 Oct 2025 2:52 PM IST












